मैंने अपना सिर मुंडवा लिया है। मैं अपने बड़े भाइयों राहुल गांधी और हेमंत सोरेन के लिए शोक मना रहा हूं... रांची में पुतला दहन के बाद प्रदर्शनकारी बहा लिंडा ने प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। प्रदर्शनकारी बहा लिंडा ने कहा कि अब प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार हो गया है तो इसके बाद अस्थियां भी विसर्जित की जाएंगी। दरअसल रांची में जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों ने आज मार्च निकालकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के पुतले फूंके। इस दौरान बहा लिंडा ने इन नेताओं के राजनीतिक रवैये पर सवाल उठाए।
बहा लिंडा ने कहा कि वह खुद को राहुल गांधी और हेमंत सोरेन का छोटा भाई मानते हैं और इसी नाते उनके 'अंतिम संस्कार' की जिम्मेदारी निभाना अपना कर्तव्य समझते हैं। उन्होंने कहा कि जब अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां बचेंगी, तो उन्हें स्वर्णरेखा घाट में विसर्जित करने की जिम्मेदारी भी वह निभाएंगे।
प्रदर्शनकारी बहा लिंडा ने नेताओं पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं से अब किसी तरह की उम्मीद नहीं की जा सकती, क्योंकि ये लोग राजनीतिक रूप से ‘मृत’ हो चुके हैं। बहा लिंडा ने आरोप लगाया कि झारखंड से वोट लेने के बावजूद नेताओं का ध्यान अपने-अपने परिवारों के विकास पर अधिक रहता है।