जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इन्दरगढ़ का निरीक्षण
दतिया 14 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इन्दरगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के पश्चात कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इन्दरगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी, मेटरनिटी विंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
कलेक्टर ने जलभराव की स्थिति को देखते हुए सोख्ता गड्ढे, वाटर प्रूफिंग, टीन शेड एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में पानी की निकासी के लिए मोटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा पूरे कैम्पस में पर्याप्त लाइट लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होन पोषण आहार किट का वितरण करते हुए। पोषण पुर्नवास केन्द्र पहुंचकर निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने सीबीएमओ कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर एक माह के भीतर ओपीडी संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को स्वास्थ्य केन्द्र का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अगली जनसुनवाई के दौरान इन सभी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए।
क्रमांक 137/2026
--------0000-------
// सफलता की कहानी //
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ने पूरा किया उद्यम का सपना, प्रिंस सावला को 80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत
दतिया 14 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जनकल्याण शिविर इंदरगढ़ के युवा उद्यमी श्री प्रिंस सावला के लिए नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। उद्योग स्थापित करने के उनके सपने को साकार करने के लिए 80 लाख रुपये के ऋण की स्वीकृति प्रदान की गई।
जनकल्याण शिविर में मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा श्री प्रिंस सावला को 80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। ऋण स्वीकृति पत्र प्राप्त कर श्री सावला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया।
श्री प्रिंस सावला ने कहा कि शासन की योजनाओं से अब उनके स्वयं का उद्योग स्थापित करने का सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस ऋण से उद्योग की स्थापना कर वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रही हैं। जनकल्याण शिविर में मिली सहायता ने उनके उद्यम के सपने को नई दिशा दी है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता की कहानी
श्री सावला की यह सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। शासन द्वारा युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऋण, सब्सिडी एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है।
इंदरगढ़ में उद्योग की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद व्यक्त किया और बाकी युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सुश्री निहारिका मीना
सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया
--------0000-------
स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों के लिए होगा विशेष भोज
दतिया 14 अगस्त 2026 / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय एवं शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा मदरसों में विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया जाएगा। 15 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत विशेष भोज आयोजित किया जाएगा।
विशेष भोज में विद्यार्थियों को पूरी, सब्जी, खीर अथवा हलवा तथा इसके साथ लड्डू का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर जनसहयोग एवं जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित किया गया है। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित कर विशेष भोज में सहभागिता करने की अपील की गई है। साथ ही विद्यालयों में पोषण एवं भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को अपनी निगरानी में सामग्री की जांच कर भोजन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
क्रमांक 138/2026
--------0000-------