
#Balrampur! बारिश से सीली जर्जर दीवार गिरी, साइकिल सवार 12 वर्षीय मासूम की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत...
#रेहरा_बाजार (#बलरामपुर)। मंगलवार को थाना क्षेत्र के लालपुर भलुहिया गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के कारण एक जर्जर मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई, जिसकी चपेट में आकर साइकिल से गुजर रहे 12 वर्षीय बालक मोहम्मद इलियास पुत्र फकीरे की मौके पर ही मलबे में दबकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इलियास अपनी साइकिल से रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान गांव के कल्लू गुप्ता का वर्षों पुराना जर्जर कच्चा मकान, जो हालिया बारिश से पूरी तरह सीलकर कमजोर हो चुका था, अचानक ढह गया। भारी मलबा सीधे बालक पर आ गिरा।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, पर नहीं बचा सके जान
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में मलबा हटाकर बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम की अकाल मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते माता-पिता का हाल देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। इस दुखद घटना के बाद से पूरे लालपुर भलुहिया गांव में गहरा सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
#rehrabazarbalrampur