
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में होगा आयोजन
..
अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. मनीष निगम ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आगामी 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर संवाद को प्रोत्साहित करने तथा लोगों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाने का संदेश देना है।
डॉ. निगम ने बताया कि इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम “Real Experiences Heard: Real Voices, Real Change” निर्धारित की गई है। थीम के अनुरूप कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कुछ वास्तविक अनुभवों को साझा किया जाएगा। इन अनुभवों को संबंधित व्यक्तियों की स्वैच्छिक सहमति के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अनुभवों और चुनौतियों को समझने के साथ-साथ उनके प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सके। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर बातचीत, अनुभवों को सुनना और आवश्यकता होने पर समय पर उचित सहायता प्राप्त करना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा। #SevaSankalpAbhiyan #Vidisha