Public App Logo
कांग्रेस की एचकेआरएन के मुख्य कार्यालय के घेराव की तैयारी ----- थानेसर में कांग्रेस कार्यकतार्ओं की बैठक आयोजित, अशोक अरोड़ा ने बडेÞ हुजूम के साथ पहुंचने का किया आह्वान ----- युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है भाजपा सरकार : अशोक अरोड़ा कुरुक्षेत्र, 16 अगस्त। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के खिलाफ और प्रदेश के युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से कांग्रेस का प्रदर्शन थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में एचकेआरएन कार्यालय पर किया जाएगा। इसी कड़ी में थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा ने पंजाबी धर्मशाला में थानेसर हलके के पार्टी कार्यकतार्ओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक में आगामी 19 अगस्त को पंचकूला स्थित एचकेआरएन कार्यालय पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय प्रदर्शन की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यकतार्ओं को अधिक से अधिक संख्या मे पंचकूला पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने प्रदेश सरकार की रोजगार नीतियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से राज्य के पढ़े-लिखे और योग्य युवाओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। सरकार पक्की भर्तियों को समाप्त कर युवाओं को कच्चे रोजगार की ओर धकेल रही है, जहां न तो नौकरी की कोई सुरक्षा है और न ही उचित मानदेय दिया जा रहा है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज हरियाणा का युवा बेरोजगारी के दौर से गुजर रहा है। नौकरियां न मिलने के कारण युवा या तो मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं या फिर 'डंकी मार्ग' जैसे खतरनाक तरीकों से विदेशों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। एचकेआरएन केवल युवाओं की आंखों में धूल झोंकने का एक जरिया बनकर रह गया है। थानेसर विधायक अरोड़ा ने कहा कि 19 अगस्त को एचकेआरएन के मुख्य कार्यालय पर कांग्रेस पार्टी द्वारा एक विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य हरियाणा के युवाओं की आवाज को सरकार के बहरे कानों तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि इस राज्यस्तरीय प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा, छात्र और आम नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने मांग की कि एचकेआरएन निगम में सेवारत कर्मचारियों को पूरा मानदेय दिया जाए व भविष्य में इस निगम को बंद करके नियमित भर्ती की जाए। अशोक अरोड़ा ने अपने संबोधन में आगे कहा कि एचकेआरएन के जरिए की जा रही भर्तियों में न तो पारदर्शिता बरती जा रही है और न ही नियमानुसार आरक्षण व्यवस्था का पालन हो रहा है। इसके जरिए युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया गया है। इस मौके पर जलेश शर्मा, विवेक मैहता, जिला महासचिव टेकचंद बारना, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील राणा, युवा जिलाध्यक्ष कुलदीप हथीरा, पार्षद मनु जैन, सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा, फतेह सिंह खेडी, केहर सिंह, मेहर सिंह रामगढ, पूर्व डीएसपी रामचंद्र राठी, रेखा बाल्मिकी, नवनीत नरवाल, सौरभ गर्ग, सुभाष पाली, सुभाष पलवल व प्रदीप सहारण समेत सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। फोटो परिचय कुरुक्षेत्र। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा। - Thanesar News