
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अवैध शराब के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई, 58 पाव मदिरा जब्त
..
सिरोंज क्षेत्र में शिकायतों पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, पांच प्रकरण दर्ज; अवैध मदिरा विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान जारी
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों पर आबकारी विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 अगस्त को सिरोंज वृत्त के विभिन्न ग्राम पंचायतों से प्राप्त अवैध मदिरा संबंधी शिकायतों पर आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा जब्त की तथा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त सिरोंज द्वारा जिला आबकारी अधिकारी को भेजे गए पालन प्रतिवेदन के अनुसार ग्राम सरेंखो में लेखराज पिता प्रभुलाल अहिरवार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 पाव मदिरा जब्त की गई और प्रकरण क्रमांक 295/26 दर्ज किया गया। इसी प्रकार ग्राम आमखेड़ा में भूरा पिता भगवान सिंह यादव के विरुद्ध कार्रवाई में 15 पाव मदिरा जब्त कर प्रकरण क्रमांक 296/26 कायम किया गया।
ग्राम मूंडरा घाट में कोमल पिता रतन सिंह लोधी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 12 पाव मदिरा बरामद की गई तथा प्रकरण क्रमांक 299/26 दर्ज किया गया। ग्राम झण्डवा में सोनू पिता मोतीलाल कुशवाह के विरुद्ध कार्रवाई में 10 पाव मदिरा जब्त कर प्रकरण क्रमांक 300/26 कायम किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम भोरिया में अनिल पिता पन्नालाल वाल्मीकि के घर पर 13 अगस्त को दबिश देकर 11 पाव मदिरा बरामद की गई थी, जिसके आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण क्रमांक 294/26 दर्ज किया गया। इस प्रकार उक्त कार्रवाई में कुल 58 पाव अवैध मदिरा जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
दोबारा की गई तलाशी, नहीं मिली अवैध मदिरा -
आबकारी विभाग द्वारा शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई को आगे भी जारी रखा गया। 15 अगस्त को ग्राम भोरिया में अनिल पिता पन्नालाल वाल्मीकि के घर एवं हसनपुर रोड पर स्थित उसकी गुमटी/दुकान की पुनः तलाशी ली गई, लेकिन इस दौरान कोई मदिरा बरामद नहीं हुई।
इसी प्रकार ग्राम आमखेड़ा में मायवन यादव के संबंध में प्राप्त शिकायत पर तलाशी कार्रवाई की गई। मायवन यादव मौके पर उपस्थित नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान उसका भाई भूरा यादव मदिरा विक्रय करते पाया गया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कई स्थानों पर शिकायतों की जांच -
आबकारी विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर ग्राम रामनगर, कोरवासा तथा पारधा में भी कार्रवाई एवं तलाशी की गई। इन स्थानों पर तलाशी के दौरान अवैध मदिरा बरामद नहीं होने के कारण कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। वहीं शिकायतों के आधार पर ग्राम स्तर पर निगरानी एवं जांच की कार्रवाई जारी रखी जा रही है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अवैध मदिरा के विक्रय, कब्जे और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभागीय अमले द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर मौके पर पहुंचकर जांच, तलाशी एवं नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि वे अवैध मदिरा के विक्रय अथवा भंडारण से संबंधित जानकारी प्रशासन एवं आबकारी विभाग तक पहुंचाएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। #vidisha