सीधी में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग; पुतला दहन कर लगाए नारे
सीधी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दोपहर करीब 1:40 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग काम कर रहा है और सरकारी तंत्र का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र खतरे में है।
उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को लेकर सवाल हैं। प्रदर्शन को देखते हुए जमोड़ी और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को प्रदर्शन की जानकारी पहले से थी। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।