
लखनऊ में बाढ़ का बढ़ता खतरा: अगले 24 घंटे में 2 फीट तक बढ़ सकता है गोमती का जलस्तर
.
#लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच राजधानी के कई इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। अगले 24 घंटे में नदी का जलस्तर करीब 2 फीट तक और बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
जेहटा-माल रोड पर भी पहुंचा बाढ़ का पानी, जबकि कई स्थानों पर सड़कें करीब डेढ़ फीट तक जलमग्न हो गई हैं। फैजुल्लागंज क्षेत्र की मामा कॉलोनी और दाऊद नगर में भी पानी भर गया है। वहीं मेहंदी घाट, गुलाला घाट और हयात नगर के कई हिस्से जलमग्न बताए जा रहे हैं। बाढ़ के चलते सुरक्षा के मद्देनजर 12 विद्युत ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद की गई है। घैला और अल्लू नगर डुगरिया समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है।
मिल्लत नगर में चार दिनों से लोग घरों में कैद बताए जा रहे हैं। लगातार बढ़ते पानी के कारण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कई परिवार मकान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि खाली पड़े मकानों में रात समय चोरी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रभावित इलाकों में सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ रही है। इसी बीच नवनिर्मित प्रेरणा स्थल भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी और राहत-बचाव व्यवस्था महत्वपूर्ण हो गई है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Oct 5, 2026