Public App Logo
Profile Picture

MD Aaqib Reza

@akibreza
1313Followers
0Following
शिवहर के पिपराही चौक पर एलपीजी वितरकों ने फूंका आंदोलन का बिगुल,निकाला कैंडल मार्च मांगों पर गरमाया मामला,सरकार के खिलाफ कैंडल मार्च हड़ताल की चेतावनी।
शिवहर-ट्रेफिक डीएसपी भाई भरत व नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा की कार्रवाई, वाहन जांच के दौरान शहर के जीरोमाइल में एक बस को पकड़ा, बस में बड़ी संख्या में बाल मजदूर व मानव तस्करी से सम्बंधित मामला सामने आई है, पुलिस ने बस को रोककर किया जांच, डीएसपी भाई भरत कुमार ने कहा- जांच चल रही है इसमें जो भी दोषी होगा उसपर उचित कार्रवाई किया जाएगा, देर रात का मामला।
मांगों को लेकर एलपीजी वितरकों ने निकाला कैंडल मार्च,

पिपराही चौक पर जताया विरोध, 26 को दिल्ली में धरना; मांगें नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी,

शिवहर। एलपीजी वितरकों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को पिपराही चौक पर गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान वितरकों ने सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की तथा लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की। वितरकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है।

कैंडल मार्च में प्रिंस गैस एजेंसी बसहिया शेख, गौरव सागर भारत गैस शिवहर, निर्मला भारत गैस एजेंसी,इंडियन गैस तरियानी छपरा, कृपा श्याम गैस एजेंसी, डुमरी धनकौल इंडियन गैस एजेंसी, अभिनव एसपी गैस एजेंसी, इंडियन छतौनी और कुणाल भारत गैस एजेंसी समेत दर्जनों एजेंसियों के संचालक व कर्मचारी शामिल हुए।

उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी कराने के एवज में कंपनी की ओर से प्रति उपभोक्ता 236 रुपये का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन वितरकों को इसका भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से कमीशन में भी वृद्धि नहीं की गई है, जबकि गैस वितरण से जुड़े खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वितरकों की प्रमुख मांगों में होम डिलीवरी एवं प्रशासनिक शुल्क में 75 रुपये की तत्काल वृद्धि, प्रत्येक ई-केवाईसी के लिए 236 रुपये का भुगतान तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों द्वारा वितरकों पर विभिन्न उत्पाद बेचने का दबाव बंद करना शामिल है।

उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वितरकों ने 5 किलो और 19 किलो के सिलेंडरों की कथित गैरकानूनी बिक्री पर रोक लगाने समेत अन्य मांगें भी उठाई हैं।

गैस वितरक नेयाज अहमद उर्फ मोती विक्रम झा गौरव सागर ने कहा कि वितरकों की मांगों पर सरकार को तत्काल सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वितरकों ने कहा कि उनकी उचित मांगों को तत्काल पूरा नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। ऐसी स्थिति में एलपीजी उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी के लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
शिवहर जिला स्थापना दिवस पर समाहरणालय सजाया गया।
चादर ओढ़ाकर पंचायत सचिव इंद्रजीत कुमार सिंह को दी भावभीनी विदाई,

शिवहर। चमनपुर पंचायत में पंचायत सचिव इंद्रजीत कुमार सिंह के विदाई के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार सिंह एवं समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह ने पंचायत सचिव को चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान की चर्चा की गई।

समारोह में समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि इंद्रजीत कुमार सिंह ने पंचायत सचिव के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए भी उन्होंने तत्परता दिखाई। उनके कार्यकाल में पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यों के संचालन में सहयोग मिला।

मुखिया मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत सचिव के साथ कार्य करने का अनुभव अच्छा रहा। उनके व्यवहार और कार्यशैली की भी सराहना की गई। विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया और लोगों ने उन्हें सम्मान के साथ विदाई दी।
शिवहर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन।
शिवहर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी के द्वारा शुभकामना संदेश।
शिवहर के 32वें स्थापना दिवस 'मेरा शिवहर, मेरा गौरव' की तैयारियां पूरी, डीएम व एसपी ने की अंतिम समीक्षा,
​
शिवहर:कल दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को मनाए जाने वाले शिवहर जिले के 32वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज अंतिम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) की अध्यक्षता में डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम और एसपी ने सभी अधिकारियों को कल के कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, शिवहर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस वर्ष के स्थापना दिवस का मुख्य विषय "मेरा शिवहर, मेरा गौरव" रखा गया है।  
​दिनांक 06 अक्टूबर 2026 के कार्यक्रमों की विस्तृत विवरणिका इस प्रकार है:
1. ​मैराथन प्रतियोगिता: उत्सव की शुरुआत अलसुबह 5:00 बजे एक मैराथन प्रतियोगिता के साथ होगी, जो नये बस स्टैंड से आरंभ होकर ऐतिहासिक देकुली धाम तक जाएगी।  
2. ​मुख्य समारोह एवं उद्घाटन: समाहरणालय मैदान में सुबह 11:00 बजे अतिथियों के सम्मान के साथ समारोह का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।  
3. ​स्टॉल उद्घाटन एवं अन्य गतिविधियां: सुबह 11:10 बजे विकास योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का उद्घाटन होगा। इसके पश्चात 11:20 बजे गुब्बारे उड़ाए जाएंगे और 11:25 बजे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया जाएगा।  
4. ​उद्बोधन एवं सम्मान समारोह: पूर्वाह्न 11:25 से 12:00 बजे तक वक्ताओं का संबोधन होगा। इसके बाद दोपहर 12:00 से 12:15 बजे तक जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।  
5. ​भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम: शाम 4:00 बजे से रात 8:00 बजे तक एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें 'इंडियन आइडल' से ख्याति प्राप्त गायिका नीलोफर शबनम और लोकप्रिय कलाकार सुनील शेखर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे।  

​जिला प्रशासन ने शिवहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली अवसर पर समाहरणालय मैदान में उपस्थित होकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाएं और स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाएं।
शिवहर:अनुमंडल पदाधिकारी डॉ अनंत कुमार के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर का निरीक्षण किया गया।  अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया गया तथा मरीजों से पूछताछ किया गया। निरीक्षण के क्रम में सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।  अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में समुचित साफ सफाई एवं सामग्रियों को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया गया।
राजद प्रत्याशी डॉक्टर रश्मि विनायक के पति डॉ विनायक गौतम पहुंचे शिवहर,तिरहुत स्नातक चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं सम्मेलन।
शिवहर में V MART अब नये अवतार में स्टोर का हुआ लॉन्चिंग।
अवैध अल्ट्रासाउंड व जांच घरों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन प्रतिष्ठान सील,

मधु अल्ट्रासाउंड, शिवम जांच घर और नारायण जांच घर पर कार्रवाई, कई अन्य प्रतिष्ठानों से मांगे गए कागजात,

शिवहर। जिले में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों और जांच घरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिवहर शहर के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं पैथोलॉजी/जांच घरों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक कागजात, पंजीकरण, लाइसेंस, चिकित्सकीय व्यवस्था सहित निर्धारित मानकों की जांच की गई। अनियमितता मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को तत्काल सील कर दिया गया।

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. आर. के. सिंह द्वारा गठित मेडिकल टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों से पंजीकरण एवं लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। जांच में आवश्यक मानकों और कागजात से संबंधित अनियमितता पाए जाने के बाद मधु अल्ट्रासाउंड, शिवम जांच घर और नारायण जांच घर को सील कर दिया गया।

वहीं, अभियान के दौरान कई अन्य अल्ट्रासाउंड एवं जांच घरों में भी दस्तावेजों की जांच की गई। संबंधित संचालकों को अपने सभी आवश्यक कागजात एवं अभिलेख सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में कागजात प्रस्तुत नहीं करने या जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बिना वैध पंजीकरण, आवश्यक अनुमति अथवा निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के विपरीत अल्ट्रासाउंड या जांच केंद्रों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी की जाएगी और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।

निरीक्षण एवं सीलिंग अभियान में डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. विभास कुमार, मृत्युंजय कुमार सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान डायल-112 की पुलिस टीम ने भी आवश्यक सहयोग किया।

जिला प्रशासन ने सभी अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और जांच केंद्र संचालकों से अपने प्रतिष्ठान से संबंधित पंजीकरण, लाइसेंस, अनुमति एवं अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

<nis:link nis:type=tag nis:id=viralpost nis:value=viralpost nis:enabled=true nis:link/> 
<nis:link nis:type=tag nis:id=viral nis:value=viral nis:enabled=true nis:link/>
साइबर ठगी के पीड़ित को वापस कराई गई ₹44 हजार की राशि,

शिवहर। साइबर अपराध के खिलाफ शिवहर पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के तहत साइबर ठगी के एक पीड़ित को ₹44 हजार की राशि वापस कराई गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहयोग से ठगी की रकम को सुरक्षित कर पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराया गया।

पुलिस के अनुसार, 01 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), शिवहर द्वारा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई की गई। परसौनी थाना क्षेत्र के भोजगंज गांव निवासी मोतीलाल पासवान ने साइबर ठगी को लेकर NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पर शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी माध्यम से ठगी की गई राशि का पता लगाया और उसे सुरक्षित कराया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ₹44,000 की पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी शिकायत NCRP पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।
गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा परमाल्यार्पण,सत्य-अहिंसा के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश,

शिवहर:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज गांधी भवन, शिवहर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, शिवहर प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक, शैलेन्द्र सिंह सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा गांधी भवन परिसर में अवस्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव, आत्मनिर्भरता एवं मानवता के सिद्धांतों को स्मरण किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, अनुशासन, सेवा और जनकल्याण के मूल्यों को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज और प्रशासन के लिए समान रूप से प्रासंगिक हैं। गांधी जी का यह संदेश कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए, वर्तमान समय में और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने कहा कि गांधी जयंती का अवसर केवल राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन एवं कार्यप्रणाली में उतारने का भी अवसर है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, आपसी भाईचारा मजबूत करने, कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का प्रयास करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक, शिवहर ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्य एवं अहिंसा पर आधारित उनका दर्शन पूरे विश्व को शांति, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों के अनुरूप कर्तव्यनिष्ठा, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन, शिवहर की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जिलेवासियों से उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सद्भाव के संदेश को जीवन में आत्मसात करने तथा स्वच्छ, स्वस्थ, शांतिपूर्ण एवं विकसित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
देकुली धाम में चला वृहद स्वच्छता अभियान,गांधी जयंती पर पदाधिकारियों व स्वच्छता कर्मियों ने दिया स्वच्छता का संदेश, ग्रामीणों और दुकानदारों से कचरा नहीं फैलाने की अपील,

शिवहर। स्वच्छ भारत दिवस-2026 एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पिपराही प्रखंड के परसौनी बैज पंचायत स्थित देकुली धाम परिसर एवं मुख्य सड़क पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी ने किया। इस दौरान डीएम समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड स्तरीय अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों एवं अन्य कर्मियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के तहत देकुली धाम मंदिर परिसर, आसपास के सार्वजनिक स्थलों और मुख्य सड़क की व्यापक साफ-सफाई की गई। बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों ने अभियान में भाग लेकर कचरे का उठाव किया और परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। अधिकारियों ने भी श्रमदान करते हुए लोगों को यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, निदेशक एनईपी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, पिपराही एवं डुमरी कटसरी के बीडीओ, सिटी मैनेजर, प्रखंड समन्वयक स्वच्छता, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।

डीएम प्रतिभा रानी ने ग्रामीणों, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिवस या अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ गली, सड़क, धार्मिक स्थल और अन्य सार्वजनिक परिसरों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।

उन्होंने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने और आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ जब आम लोगों की भागीदारी जुड़ती है, तभी स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।

अभियान के दौरान लोगों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को खुले में नहीं फेंकने और सार्वजनिक स्थलों को गंदा नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वच्छता के साथ व्यवहारगत परिवर्तन और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया। देकुली धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल पर अभियान आयोजित कर प्रशासन ने धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।

जिला प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाएं। अपने घर, दुकान, गली, सड़क और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।

“स्वच्छ शिवहर—स्वस्थ शिवहर” और “स्वच्छता अपनाएं, शिवहर को सुंदर बनाएं” का संदेश अभियान के दौरान दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने तरियानी प्रखंड में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाबों का किया स्थल निरीक्षण,

जल संरक्षण संरचनाओं की उपयोगिता, गुणवत्ता एवं रखरखाव पर विशेष जोर; संबंधित पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण के निर्देश,

शिवहर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी द्वारा आज तरियानी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाबों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन के लिए निर्मित इन संरचनाओं की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता तथा कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेना था।उल्लेखनीय है कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत “नए जल स्रोतों का सृजन एवं अधिशेष (Surplus) नदी जल क्षेत्र से जल की कमी (Deficit) वाले क्षेत्रों में जल ले जाना” जैसे उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब एवं पोखरों का निर्माण कराया जा रहा है। तरियानी प्रखंड में ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित इन योजनाओं के तहत निजी एवं अन्य चिह्नित भूमि पर पोखर खुदाई के कार्य किए गए हैं।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा तालाबों में जल संचयन की स्थिति, तालाब की संरचना, उसके आसपास की स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर उसकी उपयोगिता का अवलोकन किया गया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की संरचनाओं का निर्माण केवल योजना पूर्ण करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित होना चाहिए कि उनसे वर्षा जल का अधिकतम संचयन, भू-जल स्तर में सुधार, स्थानीय जल आवश्यकता की पूर्ति तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों की वास्तविक प्राप्ति हो।

 तरियानी प्रखंड में निरीक्षण से संबंधित प्रमुख तालाब/पोखर योजनाओं में अठकोनी पंचायत अंतर्गत गरम बराही में योगेंद्र राय की जमीन में पोखर खुदाई, छतौनी पंचायत के वार्ड संख्या-05 में अरधन्ना देवी की जमीन में पोखर खुदाई तथा छतौनी वार्ड संख्या-14 में ईश्वर दयाल राय की जमीन में पोखर खुदाई कार्य शामिल हैं।
इसी प्रकार नरवारा पंचायत के वार्ड संख्या-01 में इंदु देवी/अवधेश सिंह की जमीन में पोखर खुदाई तथा नरवारा में लोकेश कुमार की जमीन में पोखर खुदाई का कार्य कराया गया है। पोजहिया पंचायत अंतर्गत ग्राम पचरा, वार्ड संख्या-11 में प्रकाश कुमार की जमीन में पोखर खुदाई भी इस योजना के अंतर्गत की गई है।
  
जिला पदाधिकारी ने गहण निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित सभी जल संरचनाओं का नियमित भौतिक सत्यापन एवं अनुश्रवण किया जाए। तालाबों की जलधारण क्षमता लंबे समय तक बनी रहे, इसके लिए उनके रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्मित जल संरचनाओं का वास्तविक लाभ स्थानीय नागरिकों, किसानों एवं आसपास के क्षेत्र को प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वर्षा के जल को संरक्षित कर भू-जल को पुनर्भरण करने में छोटे-बड़े तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं को पूरी तरह क्रियाशील एवं उपयोगी बनाए रखना आवश्यक है।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं से संबंधित अभिलेखों एवं स्थल की स्थिति में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा जहां भी रखरखाव अथवा आवश्यक सुधार की जरूरत हो, वहां नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने एवं निर्मित जल संरचनाओं के संरक्षण में स्थानीय सहभागिता को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
जिला प्रशासन, शिवहर द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में निर्मित एवं विकसित जल संरचनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि जल संरक्षण की प्रत्येक योजना स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और जनोपयोगी परिसंपत्ति के रूप में विकसित हो तथा जिले में जल सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम दे।
शिवहर में बालू- गिट्टी सीएफटी के बजाय टन से होगी बिक्री, संगठन का हुआ गठन,अध्यक्ष बने विकास कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह।
बालू-गिट्टी की बिक्री अब सीएफटी के बजाय टन से होगी शिवहर बालू-गिट्टी ट्रक ऑनर एसोसिएशन का गठन, विकास कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह बने अध्यक्ष,

शिवहर। जिले में बालू और गिट्टी के कारोबार से जुड़े ट्रक मालिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान और कारोबार को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से शिवहर बालू-गिट्टी ट्रक ऑनर एसोसिएशन का गठन किया है। मुजफ्फरपुर बालू-गिट्टी ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से विकास कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह को शिवहर जिला एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में बालू-गिट्टी की बिक्री सीएफटी के बजाय टन के आधार पर करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में मुजफ्फरपुर बालू-गिट्टी ट्रक ऑनर एसोसिएशन के महासचिव बृजमोहन सिंह, कोषाध्यक्ष आरपी राय, उपाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पासवान, संरक्षक जितेंद्र तिवारी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रक मालिक और कारोबारी मौजूद रहे।

नई कार्यकारिणी में गुड्डू कुमार सिंह को सचिव, विशाल कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष तथा नवीन चौधरी, संतोष कुमार, नितेश कुमार गुप्ता और लालबाबू प्रसाद को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राजा कुमार, आशीष कुमार, रवि शंकर चौधरी, विजय कुमार और रूद्र सिंह को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

मुजफ्फरपुर बालू-गिट्टी ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पांडे ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य ट्रक मालिकों में एकता और भाईचारा कायम करना, उनके हितों की रक्षा करना तथा व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का सामूहिक रूप से समाधान करना है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ट्रक मालिकों और कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 से बालू और गिट्टी की बिक्री सीएफटी के बजाय टन के आधार पर करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब ट्रक मालिकों को बालू और गिट्टी टन के हिसाब से मिलती है तो बिक्री भी टन के आधार पर होनी चाहिए। उनके अनुसार अब सीएफटी के आधार पर नापी करने की व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि शिवहर जिले में बालू और गिट्टी की निर्धारित दर तय की जा रही है। इसी निर्धारित दर के आधार पर बिक्री की जाएगी। संगठन से जुड़े सभी ट्रक मालिकों, ड्राइवरों और सप्लायरों को तय नियमों का पालन करना होगा।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने पर संगठन स्तर से जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। किसी ट्रक मालिक या सप्लायर द्वारा नियम का उल्लंघन किए जाने पर 11 हजार रुपये, जबकि ड्राइवर की गलती पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लेने का निर्णय बताया गया है।

विकास कुमार सिंह, तरियानी छपरा और गुड्डू कुमार सिंह, बेनीपुर ने कहा कि संगठन का गठन ट्रक मालिकों और बालू-गिट्टी कारोबारियों की समस्याओं को एक मंच पर लाने के लिए किया गया है। कारोबार में पारदर्शिता, आपसी समन्वय और निर्धारित व्यवस्था के पालन पर जोर दिया जाएगा।

बैठक में विकास सिंह तरियानी छपरा, गुड्डू सिंह बेनीपुर, नवीन चौधरी नरवारा, रमेश रंजन सिंह बेरिया, रामबालक साह अम्बा, सुजीत चौधरी अटकोनी, शिवम कुमार पासवान, शंभू साहनी नरवारा, नितेश कुमार भारती परसौनी, उमेश चौधरी परसौनी, मुकेश गुप्ता दोस्तियां, परमिंदर कुमार यादव अम्बा और नितेश कुमार गुप्ता लक्ष्मीपुर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
एक घंटा एक साथ श्रमदान से जीरो माइल चौक पर चला स्वच्छता अभियान,

शिवहर। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के संदेश के साथ बुधवार को शिवहर के जीरो माइल चौक पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। 1 अक्टूबर को प्रस्तावित देशव्यापी “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित अभियान में जिले के कई वरीय पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए। अपर समाहर्ता श्री मेधावी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

स्वच्छता अभियान में अपर समाहर्ता श्री मेधावी, डायरेक्टर एनईपी डीआरडीए, ओएसडी प्रेम सागर मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार, लोहिया स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक विद्या नाथ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान जीरो माइल चौक और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई तथा लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों, गलियों, मोहल्लों, विद्यालयों और कार्यालय परिसरों को साफ रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। लोगों की भागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है।

डायरेक्टर एनईपी डीआरडीए ने कहा कि “एक घंटा एक साथ” श्रमदान का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए प्रेरित करना है। जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ श्रमदान करते हैं तो इसका संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

लोहिया स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक विद्या नाथ गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास के क्षेत्रों में कम से कम एक घंटा श्रमदान कर सफाई अभियान में योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

अधिकारियों ने बताया कि “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” अभियान स्वच्छ भारत मिशन और “स्वच्छता ही सेवा” की भावना से जुड़ा राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वयं आगे बढ़कर श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुए श्रमदान से लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा।
30 वर्ष से अधिक उम्र वालों की एनपी-एनसीडी स्क्रीनिंग, सदर अस्पताल व पीएचसी में हुई स्वास्थ्य जांच,

उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर की समय पर पहचान कर उपचार से जोड़ने पर जोर,

शिवहर। राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम (एनपी-एनसीडी) के तहत जिले में विशेष स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत सदर अस्पताल सहित विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और नियमित फॉलोअप से जोड़ना है। विशेष रूप से 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की स्क्रीनिंग पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गैर-संचारी रोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह तथा मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर जैसे रोग शामिल हैं। इन बीमारियों की शुरुआती पहचान होने पर समय रहते आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय निगरानी शुरू की जा सकती है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच की व्यवस्था की गई, ताकि ऐसे लोग भी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ सकें जो सामान्य तौर पर नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं कराते हैं।

स्क्रीनिंग के बाद आगे की जांच और उपचार पर जोर

कार्यक्रम के दौरान केवल संभावित रोगियों की पहचान तक सीमित नहीं रहने, बल्कि आवश्यकता के अनुसार उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच और उपचार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गैर-संचारी रोगों के मामले में नियमित जांच, दवा का निरंतर सेवन और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार फॉलोअप बेहद महत्वपूर्ण है। स्क्रीनिंग के दौरान किसी बीमारी के संकेत मिलने पर संबंधित व्यक्ति को आवश्यक परामर्श और आगे की जांच के लिए निर्देशित किया जाता है।

जीवनशैली में बदलाव के प्रति किया जागरूक

गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया। संतुलित आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने और तंबाकू सेवन से दूर रहने की सलाह दी गई। साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उपचार में देरी नहीं करने की अपील की गई।

जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई है कि विशेष रूप से 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोग अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में पहुंचकर गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के संबंध में जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराएं। समय पर बीमारी की पहचान और नियमित उपचार के माध्यम से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाव की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन: डीएम ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश,

आगामी तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को सफल, सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज दिनांक- 30 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी वरीय और नोडल पदाधिकारियों के साथ कोषांगवार एक अहम समीक्षा बैठक आहुत की गई।बैठक में चुनाव कार्यों के सुचारू संचालन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की विस्तार से समीक्षा की गई जिसमें मुख्य रूप से कार्मिक, वाहन, आदर्श आचार संहिता, मतपेटिका, निर्वाचन सामग्री, प्रशिक्षण एवं विधि व्यवस्था कोषांग की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने इन कोषांगों के नोडल अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी नोडल पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कोषांग से जुड़े दायित्वों का समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से निष्पादन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया का हर हाल में अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ​इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा:
1. ​कार्मिक और वाहन: चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मियों की उपलब्धता, उनके प्रतिनियोजन और वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था।
2. ​आचार संहिता: आदर्श आचार संहिता (MCC) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना।
3. ​सामग्री व प्रशिक्षण: मतपेटिकाओं का सुरक्षित रख-रखाव, निर्वाचन सामग्री की पूर्ण व्यवस्था और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कोषांग के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और अन्य विभागों के साथ बेहतर आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी हो जानी चाहिए। यदि चुनाव कार्य में कोई भी समस्या या नई आवश्यकता उत्पन्न होती है, तो तुरंत वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराकर उसका त्वरित समाधान निकाला जाए।
         ​बैठक के अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों से पूर्ण उत्तरदायित्व, निष्पक्षता, पारदर्शिता और सजगता के साथ कार्य करते हुए इस निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की।
डोंगल नहीं लगने से अटका आवासीय, जाति व आय प्रमाणपत्र,

सीओ के अवकाश पर रहने से प्रमाणपत्र जारी नहीं हो रहा, ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवक रोज लौट रहे खाली हाथ,

शिवहर/। पिपराही प्रखंड क्षेत्र में आवासीय, जाति एवं आय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अंचल कार्यालय में संबंधित प्रमाणपत्रों के ऑनलाइन आवेदन के बाद सीओ का डोंगल नहीं लगने के कारण प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहा है। इसके चलते कई युवक-युवतियां रोज अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के बाद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

बताया गया कि अंचलाधिकारी के अवकाश पर रहने के कारण प्रमाणपत्रों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। डोंगल नहीं लगने के कारण ऑनलाइन आवेदन के बावजूद आवासीय, जाति और आय प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहा है। इससे उन छात्र-छात्राओं और युवाओं की परेशानी अधिक बढ़ गई है, जिन्हें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन आवेदन,या अन्य परीक्षा में आवेदन करने व छात्रवृत्ति अथवा अन्य ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाणपत्र जमा करना है।

युवक नौशाद आलम ने बताया मेरी बहन का आवासीय प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं बनने के कारण आगे का ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं हो सका तो उनका महत्वपूर्ण अवसर छूट सकता है। इसी तरह अन्य युवाओं ने भी अंचल कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या बताई और जल्द प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग की।

आवेदकों का कहना है कि प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी यदि तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से प्रमाणपत्र समय पर जारी नहीं होता है तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं पर पड़ता है। कई आवेदकों को अलग-अलग कार्यों के लिए आवासीय, जाति और आय प्रमाणपत्र की तत्काल आवश्यकता है।

आवेदकों ने प्रशासन से मांग की है कि सीओ के कार्यालय लौटने के बाद लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराया जाए और डोंगल लगाकर प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया तेज की जाए। युवाओं ने कहा कि यदि सोमवार को सीओ के लौटने के बाद डोंगल लगाया जाता है तो लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाना चाहिए, ताकि समय सीमा के कारण किसी आवेदक को परेशानी न हो।

लोगों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि प्रमाणपत्रों के लंबित रहने की स्थिति में आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, जिससे ऑनलाइन आवेदन और नामांकन जैसी समयबद्ध प्रक्रियाओं में युवाओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
आज दिनांक 30.09.2026 को अनुमंडल पदाधिकारी शिवहर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शिवहर की संयुक्त अध्यक्षता में सभी अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के साथ भूमि विवाद के निराकरण से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गई।  बैठक में अंचल अधिकारी पुरनहिया, तरियानी एवं डुमरी कटसरी द्वारा अग्रसारित कुल चार मामलों की सुनवाई की गई तथा एक मामले का निष्पादन किया गया। सभी अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को लंबित मामलों का  ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने तथा भू समाधान पोर्टल पर  ससमय डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया।  अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शिवहर द्वारा सभी थाना अध्यक्ष को चौकीदारों के साथ नियमित रूप से बैठक करने एवं उनके क्षेत्र अंतर्गत भूमि विवाद से संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त करने तथा उसका समाधान करने का निर्देश दिया गया।
सुढ़ी समाज को अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग तेज,

पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ व प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे पहुंचे शिवहर, बोले- समाज की एकजुटता के बिना अधिकार की लड़ाई संभव नहीं,

शिवहर। सुढ़ी समाज को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से मजबूत करने तथा उसे अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग को लेकर समाज के नेताओं ने एकजुटता का आह्वान किया है। मंगलवार को सुढ़ी समाज के प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे एवं पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ शिवहर पहुंचे। इस दौरान सुढ़ी समाज के जिलाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद, जिला संयोजक सूरज साह, सचिव मनोज कुमार साह समेत अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने सुढ़ी समाज को अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति को देखते हुए समाज को आरक्षण का समुचित लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सुमन महासेठ ने कहा कि राजनीतिक दलों से समाज की अपेक्षा है कि वे सुढ़ी समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर दें। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल समाज के विकास और अधिकारों के मुद्दे को प्रमुखता देगा तथा समाज के लोगों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देगा, उसके साथ समाज अपने स्तर पर विचार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हितों की अनदेखी किए जाने से सामाजिक शक्ति कमजोर होती है।

उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को पटना के विद्यापति भवन में सुढ़ी समाज की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें समाज को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक संख्या में पटना पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए समाज को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर अपनी मांग रखनी होगी।

प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे ने भी समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक शक्ति के बिना कोई भी मांग मजबूती से आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और सामाजिक मुद्दों पर एक मंच पर आने की अपील की।

बैठक में सुढ़ी समाज के जिलाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद, जिला संयोजक सूरज साह, सचिव मनोज कुमार साह, समाजसेवी उमाशंकर प्रसाद, दिनेश आजाद, महासचिव पंकज कुमार, विजय कुमार शरण, मनोज कुमार छतौना, अभिनय दीपू, बिट्टू कुमार, मुकेश कुमार, मनोज कुमार मुखिया प्रतिनिधि, दिनेश कुमार विशंभरपुर, पिंटू कुमार, रमेश कुमार पैक्स अध्यक्ष, लालबाबू प्रसाद हिरौता, मुकेश कुमार बंकूल, पूर्व प्रमुख पंकज कुमार, लाल बाबू चौधरी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
शिवहर- ना पुलिस आपको रोकेगी, ना पुलिस आपको टोकेगी, सीधा मोबाइल पर गिरेगा मैसेज आपका चालान कट गया, जी हां, अब सावधान हो जाइए क्योंकि शिवहर में भी आ गया ऑटोमेटिक चलान कटाने वाले वाहन, कई किलोमीटर दूर से देखकर कट जाएगा आपका चलान, सदर एसडीपीओ अनुशील कुमार, ट्रैफिक डीएसी भाई भरत कुमार ने किया शुभारंभ, अब आपको हेलमेट, सीटबेल्ट लगाना हो जाएगा अनिवार्य, शिवहर सीतामढ़ी रूट में अब प्रतिदिन ऑटोमेटिक चलान काटने वाली वाहन करेगी अपना कार्य, जीरोमाइल चौक से हुई शुरुआत, मौके पर नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा भी मौजूद।