प्रथम सोमवारी से पहले डीएम का देर रात निरीक्षण, कांवरिया पथ से टेंट सिटी तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बांका: श्रावण माह की प्रथम सोमवारी पर कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने रविवार देर रात कांवरिया पथ, टेंट सिटी, मेला क्षेत्र एवं बॉर्डर इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, पेयजल, भोजन, आवास, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत कटोरिया स्थित जिला नियंत्रण कक्ष से हुई, जहां डीएम ने पीपल काउंटिंग मशीन की कार्यशीलता, नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था और प्रतिनियुक्त अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने जीविका दीदी की रसोई का निरीक्षण किया और स्वयं चाय पीकर उसकी गुणवत्ता जांची। श्रद्धालुओं से भोजन की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। डीएम ने रसोई को अधिक दृश्य स्थान पर स्थापित करने, साइनेज लगाने तथा शौचालयों की साफ-सफाई तत्काल बेहतर करने के निर्देश दिए।
अबरखा धर्मशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल और अबरखा टेंट सिटी के निरीक्षण के दौरान सभी बेड भरे मिले तथा कुछ श्रद्धालु जमीन पर विश्राम करते दिखे। इस पर डीएम ने अतिरिक्त गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि किसी श्रद्धालु को जमीन पर नहीं सोना पड़े।
उन्होंने टेंट सिटी स्थित जीविका दीदी की रसोई में भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की उपलब्धता और बर्बादी रोकने के उपायों की समीक्षा की। वहीं पीएचईडी द्वारा संचालित टेंट सिटी में पर्याप्त पेयजल और अतिरिक्त गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भैरोपुर टेंट सिटी में निरीक्षण के दौरान डीएम ने शेष कार्यों को जल्द पूरा करने तथा जीविका दीदी की रसोई शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया।
संभावित भीड़ को देखते हुए डीएम ने दर्दमारा बॉर्डर पार्किंग और दुम्मा बॉर्डर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने देवघर जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यातायात सुचारू रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
Amarpur, Banka | Aug 3, 2026