सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत कांकेर जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 277 सदस्यीय दिव्यांग हितग्राहियों का दल जगदलपुर रवाना हुआ।
न्यू बस स्टैंड स्थित डोम से विधायक श्री आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी एवं श्री महेश जैन ने हरी झंडी दिखाकर बस सहित 06 वाहनों को रवाना किया। विधायक श्री नेताम एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने दिव्यांगजनों को पुष्प भेंटकर शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर, धरमपुरा में आयोजित निःशुल्क शिविर में कांकेर जिले के 277 दिव्यांग हितग्राहियों को लाभ मिलेगा। इनमें 97 हितग्राहियों को कृत्रिम अंग तथा 180 हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इनमें 38 कृत्रिम हाथ, 59 कृत्रिम पैर, 64 बैसाखी, 55 श्रवण यंत्र, 43 छड़ी, 2 कैलिपर्स, 3 वॉकर, 5 वॉकिंग स्टिक, 6 चश्मे सहित अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए आना-जाना, व्हीलचेयर, सहायक कर्मचारी, भोजन, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि यदि कोई पात्र दिव्यांगजन आज जगदलपुर जाने वाले दल में शामिल नहीं हो पाए हैं, तो वे निराश न हों। 14-15 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में आयोजित होने वाले शिविर में भी लाभ लेने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की सुविधा से वंचित न रहे।