कोटा नगर निगम में ACB का बड़ा ट्रैप, 10 हजार की रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार
कोटा। नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संविदाकर्मी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
एसीबी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए परिवादी को 50 हजार रुपए की पहली किश्त मिली थी। आरोप है कि इसी किश्त में से नगर निगम के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा ने रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर आगे की किश्तें स्वीकृत नहीं करने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत के सत्यापन में अखिलेश मीणा द्वारा 10 हजार रुपए और नरेश वर्मा द्वारा 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार को एसीबी ने नगर निगम कार्यालय के बाहर ट्रैप की कार्रवाई की।
परिवादी से 10 हजार रुपए लेते ही एसीबी ने अखिलेश मीणा को दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी नरेश वर्मा कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। एसीबी की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Ladpura, Kota | Oct 6, 2026