स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का किया अनावरण
रायगढ़ के सहस्रबाहु चौक में स्थापित हुई श्री राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा
कलार समाज के सामाजिक सम्मेलन में इतिहास, शिक्षा, प्रतिभा और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने पर हुआ मंथन
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, विकास और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर एवं पुष्प माला से भव्य स्वागत किया गया। बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में कलार समाज द्वारा आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन में समाज की ऐतिहासिक विरासत, शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं के उत्थान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कलार समाज का इतिहास ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सम्मेलन में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना समाज के सम्मान को बढ़ाने वाला कदम है। यह केवल रायगढ़ के कलार समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज के लोगों की भावनाओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। छत्तीसगढ़ के वर्तमान स्वरूप में शिक्षा, संस्कृति और विकास की जो आधारशिला दिखाई देती है, उसमें हमारे पूर्वजों का बड़ा योगदान रहा है। कलचुरी समाज का इतिहास केवल किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध समाज रहा है। कलचुरी साम्राज्य का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों तक रहा है। समाज के लोगों को अपने इतिहास को जानने और आने वाली पीढ़ी को इस गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की जरूरत है।
43 views | Raigarh, Chhattisgarh | Aug 14, 2026