हरदोई में भव्यता से मनाई गई गांधी जयंती, डीएम राहुल पाण्डेय ने किया ध्वजारोहण; ई-रिक्शा रैली से दिया स्वच्छता व सड़क सुरक्षा का संदेश
#हरदोई। जनपद में गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस लाइन के सामने स्थित गांधी पार्क पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर ध्वजारोहण किया तथा महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वच्छता वाटिका में गांधी जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। इस दौरान जे.के. पब्लिक स्कूल के बच्चों ने गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ की प्रस्तुति दी। जिलाधिकारी ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले स्वच्छाग्रहियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गांधी भवन पहुंचकर ध्वजारोहण किया। उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा तथा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। गांधी हॉल में आयोजित महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विभिन्न चित्रों की जानकारी ली। गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली। कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा और चरखा यज्ञ का भी आयोजन हुआ। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना एवं प्रस्तुतियां दीं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, न्यू सनबीम स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल और स्प्रिंग डेल्स स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर महान लक्ष्य हासिल किए, जबकि लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से सादगी, दृढ़ता और सतत प्रयास की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए। यही महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
गांधी जयंती के अवसर पर सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी ने गांधी भवन परिसर से ई-रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Hardoi, Hardoi | Oct 2, 2026