*माता चौक पर आवारा पशु हादसे में नगर परिषद ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस का कड़ा एक्शन; गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने वाले पशु पालकों पर मामला दर्ज*
नगर परिषद रेवाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत माता चौक के पास गत 11 अगस्त 2026 को बेसहारा पशु की टक्कर से एक वृद्ध व्यक्ति की हुई दुखद मृत्यु के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने सख्त संज्ञान लिया है। इस संदर्भ में थाना शहर रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर श्री संजीव बल्हारा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गांव धवाना निवासी देवेंद्र ने थाना शहर पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने नगर परिषद रेवाड़ी से शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने का वर्क ऑर्डर (ठेका) लिया हुआ है और परशुराम कॉलोनी में 'सुनारिया ग्रुप' के नाम से अपना कार्यालय संचालित करता है।
शिकायत के मुताबिक, देवेंद्र के कार्यालय से महेश यादव अपनी टीम व स्टाफ के साथ मोहल्ला गुर्जरवाड़ा रेवाड़ी क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने गए थे। जब टीम ने वहां आवारा घूम रही गायों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की, तो स्थानीय निवासी इन्द्र गुर्जर, मलखान गुर्जर और फरसा गुर्जर (सभी निवासी मोहल्ला गुज्जरवाड़ा) ने प्रशासनिक कार्य में बाधा डालते हुए उनकी टीम के साथ गाली-गलौज की और मारपीट तथा हाथापाई पर उतारू हो गए। आरोपी जबरदस्ती पकड़ी गई गायों की रस्सियां खोलकर छुड़ा ले जाते है और विरोध करने पर टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकियां देते है। गत 11 अगस्त 2026 को माता चौक के पास एक वृद्ध व्यक्ति की बेसहारा पशु के हमले में मृत्यु हुई थी, वह पशु वास्तव में पूरी तरह लावारिस नहीं था। उक्त आरोपियों द्वारा अपनी पालतू गायों को जानबूझकर सड़कों पर खुला छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण यह गंभीर हादसा घटित हुआ था।
डीएसपी हेडक्वार्टर श्री संजीव बल्हारा ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता देवेंद्र के बयानों के आधार पर 17 अगस्त 2026 को थाना शहर रेवाड़ी में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रेवाड़ी पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालो, सरकारी या स्वीकृत कार्य में बाधा डालने वालो और जानबूझकर पशुओं को सड़कों पर आवारा छोड़कर आमजन की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की तफ्तीश पूरी की जाएगी।