*80वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पर मण्डलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 15 अगस्त 2026*
स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मण्डलायुक्त कार्यालय, बस्ती में हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। *मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव* ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी तथा राष्ट्रगान का गायन किया।
तत्पश्चात सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान एवं त्याग से हमें स्वतंत्रता मिली। 1857 की क्रांति की चिंगारी से राष्ट्रीय चेतना का प्रसार हुआ और जनमानस में स्वतंत्रता की भावना जागृत हुई।
उन्होंने कहा कि एक शासकीय सेवक के रूप में हमें अपनी बढ़ी हुई जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। संवैधानिक रूप से शासकीय नीतियों का सतर्कतापूर्वक जनहित में प्रयोग करें। चुनौतीपूर्ण माहौल को स्वीकार करते हुए अच्छे परिवेश तैयार करने का संकल्प लें, यही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मण्डलायुक्त ने कहा कि आज हम स्वतंत्र एवं सुखद वातावरण में कार्य कर रहे हैं। इस पुनीत अवसर पर हमें तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान देना है ताकि हम संतुलित रूप से पूर्ण विकसित हो सकें। प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारी एक पुनीत भाव से दायित्वों का निर्वहन करें। आम जनमानस का स्वागत करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान करें। कार्य प्रणाली में सुधार हेतु आत्मचिंतन करें कि हम कैसे बेहतर ढंग से कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारा राष्ट्र विकसित देशों की श्रेणी में अग्रसर है और यह विकास तकनीकी विकास से ही संभव है। सभी नागरिक मानवीय मूल्यों का समर्थन करें। पंथ एवं सम्प्रदायों में न बंटे, एक रहें और दृढ़ संकल्प के साथ जिम्मेदारी का पालन करें।
गोष्ठी में *अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, अपर आयुक्त न्यायिक सुरेन्द्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, डीडी पंचायत हरिकेश बहादुर, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय, रमेश चन्द्र कन्नौजिया* ने भी राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत विचार व्यक्त किए। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। *श्रुति मिश्रा* ने ओजस्वी भाषण दिया। मण्डलायुक्त ने सभी छात्राओं व शिक्षिकाओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन *जितेन्द्र श्रीवास्तव* ने किया।
इस अवसर पर न्याय सहायक रमेश चन्द्र कन्नौजिया, वैक्तिक सहायक बजरंग बली पाण्डेय, शैलेष श्रीवास्तव, अनुपम चौधरी, सुहेल अहमद, समीम अहमद, राजेश रसाल, ओम प्रकाश चौधरी, अमित उपाध्याय, सलभ श्रीवास्तव, संदीप यादव, आलोक सिंह, रमेश कुमार, संजय श्रीवास्तव एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
*संवाददाता: हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 15, 2026