देवास। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पुलिस प्रधान आरक्षक फिरोज खान के खिलाफ इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की है। वर्तमान में फिरोज खान पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC), इंदौर में पदस्थ हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान देवास और इंदौर जिले में उनकी करीब 20 संपत्तियां होने की जानकारी सामने आई है। इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब साढ़े छह करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी रोशनी वर्मा की शिकायत के बाद संपत्तियों का सत्यापन किया गया था। शिकायत में फिरोज खान की कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की बात कही गई थी। सत्यापन के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्लॉट, आवास और अन्य संपत्तियों की जानकारी सामने आने के बाद सर्चिंग की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के तहत देवास जिले में चार टीमें और इंदौर में तीन टीमें तैनात होने की जानकारी दी गई, जबकि उज्जैन की टीमों का भी सहयोग लिया जा रहा है। बागली में खेत, इटावा और बाईपास क्षेत्र में प्लॉट तथा इंदौर के विजय नगर और आदर्श नगर स्थित आवास सहित अलग-अलग स्थानों पर सर्चिंग की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संबंधित ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के संबंध में जांच जारी है और सर्चिंग पूरी होने के बाद संपत्तियों तथा अन्य दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की संपत्ति का आंकड़ा प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews