इंटर्नशिप शुल्क वसूली के विरोध में अभाविप और छात्रों का आक्रोश, प्राचार्यों से मिलकर जताया विरोध
छपरा, 25 अगस्त 2026।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक सेमेस्टर-5, सत्र 2023-27 के विद्यार्थियों से इंटर्नशिप के नाम पर कथित रूप से ₹600, ₹800 और ₹1,000 तक शुल्क लिए जाने को लेकर छात्र प्रतिनिधियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
मामले को लेकर छात्र प्रतिनिधियों ने जगलाल चौधरी कॉलेज और रामजयपाल कॉलेज के प्राचार्यों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। छात्रों ने इंटर्नशिप के नाम पर लिए जा रहे शुल्क की जांच कराने और विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की।
छात्र कार्यकर्ताओं का कहना है कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के शैक्षणिक पाठ्यक्रम का हिस्सा है। ऐसे में इसके नाम पर अनियमित रूप से शुल्क वसूला जाना उचित नहीं है। उनका आरोप है कि अलग-अलग कॉलेजों में विद्यार्थियों को अलग-अलग समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है।
छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि पूरे विश्वविद्यालय क्षेत्र में इंटर्नशिप के नाम पर होने वाली शुल्क वसूली की जांच कराई जाए, नियमों के विरुद्ध ली गई राशि वापस कराई जाए और भविष्य में विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अनियमित राशि वसूली पर रोक लगाई जाए।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन द्वारा मामले का उचित समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
Rahui, Nalanda | Aug 26, 2026