बारिश में गरीबों के चूल्हे ठंडे हुए तो मददगार बनी खाकी, सकरावा पुलिस ने बांटा राशन
कन्नौज। लगातार हो रही बारिश के बीच जहां गरीब और असहाय परिवारों के सामने दो वक्त के भोजन का संकट खड़ा हो गया, वहीं सकरावा पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ तीन गांवों में पहुंचे और जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित की।
बारिश के कारण कामकाज प्रभावित होने से कई गरीब परिवारों के चूल्हे ठंडे पड़ गए थे। ऐसे समय में सकरावा थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ गांवों में पहुंचकर असहाय और जरूरतमंद लोगों की स्थिति जानी। पुलिस टीम ने परिवारों को आटा, चावल, दाल, तेल, नमक और सब्जी समेत आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
लगातार बारिश के बीच जब पुलिसकर्मी राशन लेकर जरूरतमंदों के घर पहुंचे तो उनके चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि खाकी को अक्सर कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन सकरावा पुलिस ने यह साबित किया कि पुलिस जरूरत के समय समाज के साथ खड़ी होकर मानवता और संवेदनशीलता का फर्ज भी निभा सकती है।
थाना प्रभारी की इस पहल से पुलिस की सकारात्मक छवि सामने आई है। बारिश और खराब मौसम की परवाह किए बिना टीम के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बना। ग्रामीणों ने पुलिस टीम का आभार जताया।