नाग पंचमी के अवसर पर रोहड़ी गांव में मां मनसा नागेश्वरी माता मंदिर में भव्य मेले का आयोजन
सोलन। नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोलन के रोहड़ी गांव स्थित मां मनसा नागेश्वरी माता मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। मंदिर के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर में माता रानी का विशेष प्राकृतिक श्रृंगार किया जाता है। इसके साथ ही पूरे मंदिर भवन को फूल-पत्तियों और आकर्षक सजावट से सजाया जाता है, जिससे मंदिर परिसर की सुंदरता और भी बढ़ जाती है। श्रद्धालु इस विशेष अवसर पर माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी बंटी ने बताया कि नाग पंचमी के अवसर पर माता रानी का विशेष श्रृंगार किया जाता है। इस परंपरा के तहत माता को प्राकृतिक फूलों और पत्तियों से सजाया जाता है तथा मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया जाता है।
मेले के दौरान माता रानी के गुणगान के साथ सुंदर धार्मिक झांकियों का भी आयोजन किया गया। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इसके साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मेले में सोलन के जिला संयोजक यशपाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मंदिर में माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर के विकास एवं व्यवस्था के लिए 21,000 रुपये की भेंट प्रदान की।
मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए इस सहयोग के लिए मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया। मेले को सफल बनाने में मंदिर के कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा।
Solan, Solan | Aug 18, 2026