माता गुजरी यूनिवर्सिटी सह मेडिकल कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,टॉपर छात्राओं ने फहराया तिरंगा
टॉपर छात्राओं ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान से गूंजा परिसर; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज स्थित माता गुजरी यूनिवर्सिटी एवं माता गुजरी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय उत्साह, देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का जज्बा नजर आया। समारोह के दौरान ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया।
निर्धारित समय पर संस्थान के प्रांगण में महाविद्यालय की टॉपर छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
समारोह में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत, कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी, सम्मानित शिक्षकगण, चिकित्सक, इंटर्न तथा बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक दीर्घा में मौजूद अतिथि और छात्र-छात्राएं तालियां बजाने के लिए मजबूर हो गए।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। युवाओं से राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने और देश को स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया गया।
समारोह का पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर रहा। मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान और सेवा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा करने का संकल्प भी दोहराया।