समाजवादी पार्टी स्थापना दिवस पर नेता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, 5 अक्टूबर के पैदल मार्च की रणनीति तैयार
बाँदा, 04 अक्टूबर 2026। समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर बिजली खेड़ा स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष उमेश यादव की उपस्थिति में पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के विचारों, संघर्षों और समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा अध्यक्षों की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में 05 अक्टूबर 2026 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित पैदल मार्च की तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जन अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन कुदरत उल्ला खान ने किया। इस दौरान बांदा विधानसभा प्रभारी श्याम बाबू खेंगर, नरैनी प्रभारी हसनुद्दीन सिद्दीकी, तिंदवारी प्रभारी शमीम बांदवी, बबेरू प्रभारी रजनी यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#bandanews #Banda
Banda, Banda | Oct 4, 2026