जनसुनवाई की शिकायतों की डीएम ने की रेंडम जांच, त्वरित निस्तारण के निर्देश
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की रेंडम जांच कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करते हुए किया जाए।
समीक्षा के दौरान क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग, जर्जर विद्यालय भवन, आटा-हरिशंकरी नहर मार्ग स्थित नरूआ पुल, जोरखेड़ा में जलापूर्ति, कालपी रेलवे अंडरपास की क्षतिग्रस्त सड़क, गुलौली-बहरी-तिरही-निरौला मार्ग, कालपी-देवकली मार्ग और जालौन नगर की सड़कों से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अमृत योजना-2.0 के तहत पेयजल पाइपलाइन कार्य में तेजी लाने तथा उरई-ऐर मार्ग पर अनावश्यक रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आयुर्वेदिक एवं अन्य चिकित्सालयों में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की स्थलीय व आवश्यकतानुसार तकनीकी जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जाए। शिकायत सही पाए जाने पर समयबद्ध समाधान कराया जाए और लापरवाही या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि आमजन की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना है। शिकायतकर्ता को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने के साथ स्थलीय निरीक्षण के फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
Orai, Jalaun | Aug 19, 2026