नवांकुर सखी हरियाली यात्रा: पर्यावरण संरक्षण का अनूठा आयोजन
ग्राम शहपुरा के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शिवधाम परिसर से मुख्य मार्ग तक “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का हुआ आयोजन
=============================================================
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड छिंदवाड़ा के सेक्टर-04 की नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति शहपुरा द्वारा ग्राम शहपुरा के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शिवधाम परिसर से मुख्य मार्ग तक “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का आयोजन किया गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में नवांकुर सखियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सभी महिलाओं को पौधे भेंट कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिव अभिषेक, कलश पूजन एवं वृक्ष पूजन के साथ किया गया। महिलाओं ने कलश लेकर हरियाली यात्रा में सहभागिता की और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। वहीं मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया।
सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने कहा कि “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।” उन्होंने नवांकुर सखी अभियान के माध्यम से महिलाओं की सहभागिता को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
परामर्शदाता श्री आशीष साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी प्रभावी हो सकता है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी करे। महिलाओं की सहभागिता से हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री धनाराम माहोरे ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करना भी आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति शहपुरा के अध्यक्ष श्री धनाराम माहोरे, कुहिया के अध्यक्ष श्री गजेंद्र विश्वकर्मा, समाजसेवी श्री जितेश डेहरिया सहित समिति के सदस्य, नवांकुर सखियां एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने, पौधों का संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026