मुरैना में दिनदहाड़े इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक से मारपीट, शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप
मुरैना शहर के रामनगर इलाके में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक के साथ दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मन्नू गुर्जर, अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और संचालक सौरव यादव से शराब के लिए रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने सौरव के साथ सरेआम मारपीट कर दी।
घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। मारपीट के दौरान मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान
सौरव यादव की शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मन्नू गुर्जर, कीर्तराम गुर्जर, शैलू गुर्जर, विक्रम कंसाना, विनोद पंडित के खिलाफ मारपीट और चौथ वसूली की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी टीआई संजय बरैया ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक सौरव यादव के साथ मन्नू गुर्जर और उसके साथियों द्वारा मारपीट की शिकायत मिली है। शिकायत में चौथ वसूली का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर रही है और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
#मुरैना #morena #पुलिस