#Balrampur ! राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.48 मीटर नीचे, डाउनस्ट्रीम ट्रेंड से राहत; अलर्ट पर प्रशासन
#बलरामपुर। जनपद में राप्ती नदी के जलस्तर में गिरावट आने से तटवर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है। रविवार शाम 4:00 बजे नदी का जलस्तर 103.140 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान (104.620 मीटर) से 1.480 मीटर और चेतावनी बिंदु (103.620 मीटर) से 0.480 मीटर नीचे है। राहत की बात यह है कि नदी का जलस्तर डाउनस्ट्रीम (नीचे की ओर) ट्रेंड कर रहा है। इसके बावजूद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील इलाकों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। डीएम ने स्पष्ट हिदायत दी है कि नदी के जलस्तर में होने वाले हर छोटे-बड़े बदलाव की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
निचले और तटवर्ती इलाकों में तैनात क्षेत्रीय कर्मचारियों को ग्राउंड ज़ीरो पर मुस्तैद रहने और स्थानीय स्तर पर मिलने वाली हर सूचना पर तुरंत एक्शन लेने के आदेश दिए गए हैं।