किन्नर के घर डकैती का 10 हजारी इनामी बदमाश गिरफ्तार, 7.60 लाख का माल बरामद
अंबाह। किन्नर के घर करीब 8 महीने पहले हुई डकैती के मामले में अंबाह पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी सतेंद्र निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी आगरा जिले का निवासी है और ग्राम महलन का पुरा से कथियाना नदी घाट की ओर जाने वाले रास्ते से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, अपाचे बाइक, 315 बोर का अवैध कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल समेत कुल करीब 7.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित करीब 16 मामले दर्ज हैं।
इस मामले में 6 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।