Public App Logo
सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैढ़न में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से हुआ संपन्न वैढ़न। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, जिला सिंगरौली में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह–2026 हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ। राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत इस समारोह में विद्यालय के भैया-बहनों ने विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आगमन एवं ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन एवं भारत माता की आरती संपन्न हुई। मुख्य अतिथि ने परेड दल का निरीक्षण किया तथा भैया-बहनों ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार सोनी ने अतिथि परिचय एवं स्वागत किया। समारोह में स्वागत गीत, योगासन, संस्कृत भाषण, देशभक्ति गीत, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, नृत्य तथा विभिन्न समूह नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। ‘मेरा मुल्क मेरा देश’, ‘उठो जवान देश के’, ‘हरे रामा 15 अगस्त महान’, ‘तारे जमीं पर’, संदेशे आते हैं...एवं ‘घूमर’ जैसे कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया तथा विद्यार्थियों में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय चेतना की भावना को जागृत किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक एवं यादगार बना दिया। समारोह के मुख्य अतिथि अजय नारायण श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों तथा देश की एकता एवं अखंडता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात अध्यक्ष महोदय ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए। सभाध्यक्ष सजन अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भैया बहनों को बधाई देते हुए राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं समर्पण के लिए अपील किया. कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह ने आभार प्रदर्शन किया तथा मंच संचालक आदित्य कुमार द्विवेदी के द्वारा कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन कराया गया। समारोह के उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रीय भावना से गुंजायमान रहा। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय समिति के सह सचिव ऋषि कुमार गुप्ता जी के साथ अभिभावक बंधु-भगिनी एवं समस्त आचार्य,दीदियों की उपस्थिति सराहनीय रही. - Singrauli News