वंदे मातरम से तिरंगे तक, राजनीति का नया राष्ट्रभक्ति टेस्ट
छतरपुर। देश में स्वतंत्रता दिवस का जश्न खत्म होते ही राष्ट्रभक्ति की राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वायरल हुए वीडियो को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा इसे राष्ट्रगीत "वंदे मातरम" का अपमान बता रही है, जबकि कांग्रेस का दावा है कि पूरा गीत गाया गया और सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मंगवाने का इशारा कर रही थीं।
इधर छतरपुर में भाजपा नेताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और सोनिया गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं का कहना है कि राष्ट्रगीत के दौरान इस तरह का व्यवहार देश का अपमान है और कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब कांग्रेस नेताओं ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर और वीडियो का मुद्दा उठा दिया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री की जेब पर लगा तिरंगा प्रतीक उल्टा दिखाई दे रहा था, जो तिरंगे के सम्मान से जुड़ा मामला है।
जब इस मुद्दे पर भाजपा नेत्री अंकिता विश्वकर्मा से सवाल किया गया तो उन्होंने पहले इसे एआई की करामात बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने एआई से फोटो और वीडियो बनाकर वायरल किए हैं। लेकिन जब पत्रकारों ने बताया कि वही तस्वीर और वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी मौजूद है, तो जवाब कुछ बदला-बदला नजर आया।
अंकिता विश्वकर्मा ने कहा, "हो सकता है गलती से उल्टा पॉकेट में लग गया हो। इसकी मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री की तिरंगे का अपमान करने की कोई मंशा नहीं हो सकती।"
अब जनता भी असमंजस में है कि आखिर राष्ट्रभक्ति का पैमाना क्या है? अगर विपक्ष का इशारा राष्ट्र का अपमान है तो सत्ता पक्ष की गलती सिर्फ तकनीकी भूल कैसे बन जाती है? और अगर प्रधानमंत्री की मंशा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता, तो फिर सोनिया गांधी की मंशा पर फैसला वीडियो देखकर कैसे सुनाया जा रहा है?
फिलहाल राजनीति में राष्ट्रभक्ति का नया सीजन शुरू हो चुका है। एक पक्ष वंदे मातरम की व्याख्या कर रहा है, दूसरा तिरंगे की दिशा नाप रहा है। जनता बस यही सोच रही है कि देशभक्ति का फैसला अब संविधान करेगा या फिर सोशल मीडिया की वायरल रीलें?
(नोट: इस मामले में भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यक्रम में वंदे मातरम पूरा गाया गया था।)
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Aug 16, 2026