गया रेड क्रॉस में अब आयुर्वेद का भी इलाज: सप्ताह में 3 दिन अनुभवी डॉक्टर करेंगे उपचार, पितृपक्ष में तीर्थयात्रियों को भी मिलेगी सुविधा
गया। गया के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ी और महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेड क्रॉस, गया परिसर में सोमवार से आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा की शुरुआत कर दी गई। इसका उद्घाटन गया के जिलाधिकारी सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी, गया शशांक शुभंकर ने किया। अब रेड क्रॉस परिसर में एलोपैथिक, होम्योपैथी और दंत चिकित्सा के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा की सुविधा भी लोगों को मिलेगी। आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा स्वामी राघवेंद्राचार्य त्रिदंडी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के सौजन्य से संचालित होगी। सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आयुर्वेदिक वाह्य चिकित्सा सेवा दी जाएगी। मरीज सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चिकित्सकों से परामर्श और उपचार की सुविधा ले सकेंगे। इस पहल से खासकर आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज कराने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
एक ही परिसर में कई चिकित्सा पद्धतियों की सुविधा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि रेड क्रॉस में पहले से ही एलोपैथिक, होम्योपैथी और दंत चिकित्सा की सेवाएं उपलब्ध हैं। अब आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में लोग आयुर्वेदिक चिकित्सा की ओर रुख कर रहे हैं और इसकी आवश्यकता भी महसूस की जा रही थी। ऐसे में रेड क्रॉस परिसर में यह सेवा शुरू होना आम लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए इसे प्रभावी तरीके से संचालित किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने यह भी आह्वान किया कि आने वाले पितृपक्ष मेला के दौरान गया पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
पितृपक्ष में देशभर से आएंगे श्रद्धालु, इलाज की तैयारी पर जोर
गया में पितृपक्ष मेला बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहता है। जिलाधिकारी ने आयुर्वेद महाविद्यालय से जुड़े पदाधिकारियों से पितृपक्ष के दौरान भी आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारी करने का आह्वान किया।
अनुभवी शिक्षक और डॉक्टर करेंगे इलाज, दवाओं का भी होगा वितरण
आयुर्वेद महाविद्यालय के सचिव महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य ने कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए महाविद्यालय के अनुभवी शिक्षक और चिकित्सक सेवा प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा तैयार की गई औषधियों का वितरण भी मरीजों को किया जाएगा।
उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा शुरू किए जाने पर जिलाधिकारी और रेड क्रॉस के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद महाविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया। रेड क्रॉस के पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस, गया के चेयरमैन उपेंद्र नारायण सिंह के दिशा-निर्देश में किया गया। उद्घाटन समारोह में रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन डॉ. राम सरेख सिंह और सचिव डॉ. तनवीर उस्मानी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. कौशलेन्द्र प्रताप ने रेड क्रॉस की सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह, प्रबंधन समिति की सदस्य सुशीला डालमिया, शिव कैलाश डालमिया, बिपेंद्र अग्रवाल, आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा, संयुक्त सचिव प्रद्युम्न कुमार सिंह, ऊषा देवी डालमिया सहित महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. अनूप केडिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा शुरू होने के साथ अब रेड क्रॉस परिसर में मरीजों को अलग-अलग चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिलने का रास्ता और मजबूत हुआ है।
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#gaya
#LatestNews
#गया
#bihar
#viral