पुलिस लाइन चित्रकूट में पुलिसकर्मियों के लिए जिम का उद्घाटन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन चित्रकूट में पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नव-निर्मित जिम का उद्घाटन जिलाधिकारी चित्रकूट श्री पुलकित गर्ग ने फीता काटकर किया।
ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनसेवा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से तनावमुक्त रहना बेहद जरूरी है। जिम की सुविधा से पुलिसकर्मियों की फिटनेस बेहतर होने के साथ उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। स्वस्थ और चुस्त-दुरुस्त पुलिस बल ही किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिम का उद्घाटन पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है। पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी के साथ नियमित व्यायाम कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकेंगे।
जिम में ट्रेडमिल, साइकिल, वेट ट्रेनिंग सहित विभिन्न आधुनिक व्यायाम उपकरण लगाए गए हैं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिम का निरीक्षण कर उपकरणों की जानकारी ली और इसकी व्यवस्था की सराहना की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री पीयूषकान्त राय, क्षेत्राधिकारी लाइन्स श्री राज कमल, क्षेत्राधिकारी फायर श्री यदुनाथ यादव, प्रतिसार निरीक्षक श्री रामाशीष यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।