रिपोर्टर:--नदिम राजा मुंसिफ tv सुपौल बिहार
स्लॉग :--मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बलुआ में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का किया अनावरण
एंकर :--सुपौल, स्वराज खबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार, 19 अगस्त को सुपौल जिले के बलुआ पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 स्थित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निवास परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलुआ में सुरक्षा एवं प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री करीब 11:45 बजे हेलीकॉप्टर से बलुआ में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद वे अपने काफिले के साथ सीधे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निवास स्थल पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री नितीश मिश्रा, विधायक नीरज कुमार बबलू, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र एवं मंत्री नितीश मिश्रा ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत में बलुआ को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
कोसी मेंची लिंक का भी किया निरीक्षण
प्रतिमा अनावरण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर रुके। इसके बाद वे बलुआ से करीब तीन-चार किलोमीटर दूर स्थित कोसी मेंची लिंक का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के बाद माननीय मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था से आम लोगों को हुई परेशानी
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिले के वरीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया गया।
हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप में मुख्य मार्गों पर आवागमन रोक दिए जाने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और स्कूली बच्चों सहित राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना था कि मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए थी कि आम लोगों की परेशानी भी कम से कम हो।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से भी लोग बलुआ पहुंचे थे। कई लोग 50 से लेकर 150 किलोमीटर तक की दूरी तय कर कार्यक्रम में उपस्थित हुए।