श्रावण सोमवार को लेकर प्रशासन मुस्तैद, देर रात सिद्धेश्वर नाथ धाम पहुंचे डीएम
जहानाबाद। श्रावण माह के सोमवार को बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने रविवार की देर रात मंदिर एवं मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भीड़ एवं कतार प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल कैंप, पेयजल, कंट्रोल रूम, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जांच करते हुए सभी को अपने निर्धारित स्थल पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि अधिक भीड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखते हुए भीड़ को नियंत्रित किया जाए। जलाभिषेक के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।
मेडिकल कैंप में पर्याप्त दवाएं रखने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने मेडिकल कैंप का निरीक्षण कर चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मेडिकल कैंप में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने को कहा।
पेयजल की व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को मेला क्षेत्र के सभी निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में भी किसी स्थान पर पानी की कमी नहीं होनी चाहिए।
कंट्रोल रूम से लगातार होगी उद्घोषणा
कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण करने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं से कतार में रहने, निर्धारित मार्ग का उपयोग करने, भीड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील लगातार करने को कहा गया।
ड्रॉप गेट से नियंत्रित होगा श्रद्धालुओं का दबाव
निरीक्षण के दौरान हथियाबोर की ओर अधिक भीड़ होने की स्थिति में ड्रॉप गेट का प्रभावी इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि भीड़ एवं आवागमन को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मंदिर की ओर भेजा जाए।
मेला एवं मंदिर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को नियमित अंतराल पर सफाई कराने, कूड़ा-कचरा का समय पर उठाव सुनिश्चित करने और पूरे मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम जलाभिषेक प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने या किसी आकस्मिक स्थिति में अधिकारी आपसी समन्वय से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर बाबा सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक एवं दर्शन करने की अपील की है। निर्धारित मार्ग और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, भीड़ वाले स्थानों पर धैर्य एवं संयम बनाए रखने तथा मेला परिसर में स्वच्छता रखने का आग्रह किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कोटा किरण कुमार, उप विकास आयुक्त श्री आदित्य कुमार पियूष, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), डीपीओ नमामि गंगे सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 17, 2026