समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में नगर निकायों के कार्यों एवं विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन 2.0, जल-जीवन-हरियाली, पीएम स्वनिधि योजना, पेयजल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सेवा संकल्प-कायाकल्प योजना, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना एवं मोक्षधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नगर निकाय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को संबंधित एजेंसी से समन्वय कर शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा।
आगामी दुर्गा पूजा एवं छठ पर्व को देखते हुए विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से छठ पूजा के दौरान छठ घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, घाटों तक जाने वाले मार्गों की स्वच्छता तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूर्व पूरा कराने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने एवं पर्व के दौरान नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम दो दिन स्वच्छता कार्यों एवं योजनाओं का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही कचरा प्रसंस्करण इकाई एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में बुडको के प्रभारी परियोजना निदेशक को मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना एवं मोक्षधाम योजना के लंबित कार्यों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा लंबित भुगतान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Banka, Bihar | Oct 7, 2026