151 लीटर अंग्रेजी शराब व बीयर के साथ ऑटो चालक गिरफ्तार
बबुरा थाने की पुलिस ने बबुरा-कोईलवर फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए एक पीले रंग के सीएनजी ऑटो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने ऑटो चालक संजय बहादुर, पिता स्वर्गीय जुलू बहादुर, निवासी लालजी टोला, थाना गांधी मैदान, जिला पटना को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने बबुरा थाना के समीप वाहन जांच के दौरान सीएनजी ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01PQ1972) की तलाशी ली। ऑटो की सीट के अंदर बनाए गए तहखाने से किंगफिशर बीयर की पांच पेटी में 120 पीस, प्रत्येक 500 एमएल, कुल 60 लीटर बरामद की गई। इसके अलावा ऑफिसर चॉइस व्हिस्की की सात पेटी व 71 पीस, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 73.26 लीटर तथा रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की की 24 बोतल, प्रत्येक 750 एमएल, कुल 18 लीटर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब व बीयर की कुल मात्रा 151.26 लीटर है। मामले में गिरफ्तार संजय बहादुर के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।