Public App Logo
चकिया में मवेशी चोरों से पुलिस की मुठभेड़, पांच गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली चंदौली/चकिया: जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को मवेशी चोरी की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को कंट्रोल रूम को थाना चकिया क्षेत्र के बमहोरा नाका गांव से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध मवेशी चोर नीले रंग की मैजिक वाहन से गांव में आए थे। ग्रामीणों के जाग जाने पर आरोपी वाहन से मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चकिया, जो एसओजी टीम के साथ पहले से ही वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे, तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गरला गांव के आगे संदिग्ध मैजिक वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने मौके पर ही चार बदमाशों को दबोच लिया, जबकि एक बदमाश फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। - Chakia News