Gaya - Nawada पथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 120 पर तुंगी बाजार के समीप दुर्घटना में 60 वर्षीय महिला की मौत ।
गया-नवादा मुख्य मार्ग NH-120 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान विद्या देवी, पति नवल सिंह, ग्राम लाटाउर जिला नवादा के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंझवे के पास शव को सड़क पर रखकर NH-120 को जाम कर दिया। परिजनों के अनुसार, विद्या देवी अपनी पोती के साथ बाजार करने के लिए तुंगी बाजार गई थीं। दोनों सड़क किनारे से गुजर रही थीं, तभी एक चार पहिया वाहन वहां पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि वाहन में सवार कुछ लोगों ने उनकी पोती के साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया। इसका वृद्ध महिला और उनकी पोती ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बाद वाहन चालक ने महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, छेड़खानी और जानबूझकर वाहन चढ़ाने के आरोपों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजन उक्त वाहन और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही हिसुआ थाना, नारदीगंज थाना समेत पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जाम नहीं हट सका था। NH-120 पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाबा धाम और बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 13, 2026