दो बार पानी के ऊपर निकले हाथ, फिर आंखों से ओझल हुआ युवक; प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना
श्रीनगर। अलकेश्वर घाट स्थित नैथाना झूला पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगाने वाले युवक की घटना के बीच प्रत्यक्षदर्शी ने घटना का आंखों देखा हाल बताया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पुल से नदी में छलांग लगाने के बाद युवक दो बार पानी के ऊपर दिखाई दिया और उसने हाथ भी बाहर निकाले, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह तेज बहाव के बीच आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस को सूचना देने वाले ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से चौरास की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बहन की नजर पुल पर खड़े एक युवक पर पड़ी, जो नदी में कूदने का प्रयास कर रहा था। दोनों ने युवक को आवाज लगाकर ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी।
नदी में गिरने के बाद युवक कुछ समय तक पानी के ऊपर दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक उसने दो बार अपने हाथ पानी के ऊपर निकाले, जिससे उसके जिंदा होने का पता चला। हालांकि देखते ही देखते नदी के तेज बहाव में वह फिर डूब गया और इसके बाद नजर नहीं आया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को 112 के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में नदी में सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण सर्च अभियान में टीम को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। युवक की तलाश लगातार जारी है।