*ईद-मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित*
ईद-मिलाद-उन-नबी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति संधारण को लेकर आज दिनांक 22 अगस्त 2026 को समाहरणालय सभागार, आरा में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित ने की।
बैठक में पर्व के दौरान जुलूस के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित नियमों एवं अनुज्ञप्ति के अनुरूप केवल लाइसेंसधारी व्यक्ति/आयोजक को ही जुलूस निकालने की अनुमति होगी। जुलूस के लिए रूट चार्ट पूर्व से निर्धारित कर उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस के निर्धारित मार्ग का संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूर्व में स्थल निरीक्षण कर लें तथा मार्ग में किसी प्रकार की बाधा, अतिक्रमण अथवा अन्य समस्या होने पर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जुलूस की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। जुलूस निकलने से पूर्व मार्ग में पड़ने वाले विद्युत तारों, विशेषकर जर्जर अथवा लटकते तारों की जांच एवं आवश्यक सुधार कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए, ताकि विद्युत संबंधी किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों को पर्व के अवसर पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा जुलूस के मार्ग एवं प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्य चौक-चौराहों एवं आवश्यक स्थलों पर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता, मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति तथा अस्पतालों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ईद-मिलाद-उन-नबी का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द का संदेश देता है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य आपसी समन्वय एवं सामुदायिक सहयोग के साथ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए समस्याओं एवं सुझावों का संबंधित पदाधिकारी त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्क एवं सक्रिय रहने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। किसी भी व्यक्ति द्वारा उपद्रव, अशांति अथवा विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित ने पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पूरी तत्परता के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्धारित रूट एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Arrah, Bhojpur | Aug 22, 2026