Public App Logo
*बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने की सूचना पर SDRF ने किया दो व्यक्तियों का सकुशल रेस्क्यू * ऋषिकेश। पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से समय लगभग 2120 बजे सूचना प्राप्त हुई कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया है, जिसमें कुछ व्यक्ति फंसे हुए हैं। सूचना पर पोस्ट ढालवाला से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के हमराह SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को वाहन से सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर फंसा हुआ था। बीन नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा होने के कारण वाहन बहाव में कुछ दूरी तक नीचे चला गया था, जिससे रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवान के हमराह SDRF की द्वितीय टीम भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दोनों टीमों द्वारा समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दोनों व्यक्तियों को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया है। रेस्क्यू अभियान में SDRF टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई एवं साहस के साथ दोनों व्यक्तियों की जान बचाई गई। - Dehradun News