03-सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा।
सभी कोषांगों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को ससमय एवं पूरी तत्परता के साथ निष्पादित करने का निर्देश।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में 03-सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में निर्वाचन की तैयारियों से संबंधित विभिन्न कोषांगों द्वारा अब तक की गयी कार्रवाई एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। इस दौरान कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, सामग्री कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, परिवहन कोषांग, आदर्श आचार संहिता-सह-विधि व्यवस्था कोषांग, मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग सहित अन्य कोषांगों के कार्यों की समीक्षा की गयी।
इसके साथ ही शिकायत अनुश्रवण-सह-कम्प्युटराईजेशन, एसएमएस, लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग/सुविधा, समाधान, सुगम, सी-विजिल, व्यय लेखा, कम्युनिकेशन प्लान, जिला नियंत्रण कक्ष/हेल्पलाइन, जिला निर्वाचन एवं सिंगल विंडो कोषांग द्वारा की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गयी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो। साथ ही, आवश्यक मानव संसाधन, सामग्री, परिवहन, संचार एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन कार्य में सतर्कता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने तथा सौंपे गये दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी, श्री लालबहादुर राय ने बैठक में 03-सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 के निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की गयी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026 को की गयी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08.00 बजे से अपराह्न 04.00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को की जाएगी तथा 31 अक्टूबर 2026 तक निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, श्री काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता, श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता, श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, श्री लालबहादुर राय, सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, श्री अब्दुल रशीद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्री सौरभ आलोक, जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री अमित राज, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, श्री नंदलाल चैधरी, एनईपी, श्री पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, शिवानी आनंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Election Commission of India
Chief Electoral Officer, Bihar