हल्द्वानी में विकास कार्यों को लेकर महापौर गजराज बिष्ट का निरीक्षण, मीट बाजार और गौशाला की व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
हल्द्वानी-काठगोदाम, 18 अगस्त 2026। नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर महापौर गजराज बिष्ट ने मंगलवार को विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। महापौर ने राजपुरा स्थित गौशाला, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम और वार्ड संख्या 22 की लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार के स्थल का जायजा लिया।
छात्र सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा
नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में आयोजित बैठक में महापौर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालय परिसर से जुड़े मुद्दों पर नगर आयुक्त एवं प्रधानाचार्यों के साथ चर्चा की।
महापौर ने शौचालय भवनों के निर्माण, मौजूदा व्यवस्थाओं के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा शिक्षकों के रिक्त पदों और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
महापौर ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गौशाला में व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती
राजपुरा स्थित गौशाला के औचक निरीक्षण के दौरान महापौर ने गौवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महापौर ने अनुबंधित संस्था को गौवंश के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण चारा, स्वच्छ पानी, आवश्यक दवाइयां और बेहतर सुरक्षा एवं देखरेख सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वार्ड 22 में प्रस्तावित मीट बाजार का निरीक्षण
निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर ने वार्ड संख्या 22 की लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार की दुकानों के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद मो. गुफरान, सलीम सैफी और हाजी राशिद भी मौजूद रहे।
महापौर ने प्रस्तावित दुकानों के निर्माण, स्थल की उपयोगिता और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उन्होंने नगर निगम के सहायक अभियंता नवल नौटियाल को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाते हुए जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि नगर निगम द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।