ब्याज माफी योजना के अंतिम दिन उमड़ी भीड़, एक करोड़ से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स
अंतिम दिन तीनों निगम कार्यालयों में सैकड़ों संपत्ति धारकों ने 75 प्रतिशत ब्याज माफी के साथ जमा कराया प्रॉपर्टी टैक्स
1 सितंबर से पूरे ब्याज समेत वसूला जाएगा टैक्स, बकायेदारों को नोटिस जारी कर संपत्ति सील करने की तैयारी
यमुनानगर। हरियाणा सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स पर दी जा रही 75 प्रतिशत ब्याज माफी योजना के अंतिम दिन तीनों में नगर निगम कार्यालयों में करदाताओं की भीड़ लगी रही। सोमवार को इस योजना का लाभ उठाने की अंतिम तिथि थी, जिसके चलते सुबह से ही तीनों नगर निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों (सीएफसी) में टैक्स जमा कराने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई दीं। शनिवार व रविवार को छुट्टी के दिन भी निगम कार्यालयों में टैक्स जमा किया गया। तीनों कार्यालयों में शनिवार को 1290857 रुपये व रविवार को 572984 रुपये टैक्स जमा किया गया। अंतिम दिन सैकड़ों लोगों ने इस छूट का जमकर फायदा उठाया।जिसके चलते निगम के खजाने में एक करोड़ रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 1 सितंबर से किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी और अब प्रॉपर्टी धारकों से पूरे ब्याज समेत टैक्स वसूला जाएगा। इसके साथ ही, जिन बकाएदारों का टैक्स एक लाख रुपये से अधिक है, उनके खिलाफ निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। ऐसे बकायेदारों को नोटिस जारी किए गए है। अब उनकी संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
---------
छुट्टियों में भी खुले रहे दफ्तर, हजारों ने उठाया लाभ -
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा एक जून से 30 जून तक एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी और एक जुलाई से 31 अगस्त तक एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर 75 प्रतिशत ब्याज माफी की विशेष योजना शुरू की गई थी। इसके तहत वर्ष 2010-11 से लेकर वर्ष 2024-25 तक के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर लगने वाले ब्याज पर छूट दी गई थी। उन्होंने बताया कि एक जून से 30 जून तक ब्याज माफी योजना के चलते नगर निगम के खाते में 16 करोड़ 40 लाख 60 हजार 961 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ था। इसके साथ ही 1 करोड़ 25 लाख 44 हजार 187 रुपये फायर टैक्स के रूप में भी सरकारी खजाने में जमा हुए थे। इसी तरह एक जुलाई से अगस्त माह तक दो कराेड़ रुपये से अधिक टैक्स जमा किया गया। शनिवार व रविवार को छुट्टी के दिन भी निगम कार्यालयों में टैक्स जमा किया गया। तीनों कार्यालयों में शनिवार को 1290857 रुपये व रविवार को 572984 रुपये टैक्स जमा किया गया।
-----------
टैक्स जमा करवाने को सुबह से ही तीनों निगम कार्यालयों में लगी भीड़ -
सोमवार को 75 प्रतिशत ब्याज माफी के साथ टैक्स चुकाने का आखिरी मौका था, जिसे कोई भी छोड़ना नहीं चाहता था। सुबह होते ही जगाधरी, कन्हैया साहिब चौक और शहीद भगत सिंह चौक स्थित नगर निगम कार्यालयों में प्रॉपर्टी मालिकों की भीड़ जुटने लगी। नागरिक सुविधा केंद्र खुलते ही टोकन लेने के लिए लंबी लाइनें लग गईं। टोकन हासिल करने के बाद करदाताओं ने सुचारू रूप से काउंटर पर जाकर अपना टैक्स जमा कराया। दिनभर केंद्रों पर भारी गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। शाम चार बजे तक निगम कार्यालयों में टैक्स जमा किया गया। जबकि 31 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी टैक्स धारकों ने ऑनलाइन टैक्स जमा किया।
-----------
अब बकाएदारों की संपत्ति होगी सील -
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि निगम ने जनता को राहत देने के लिए सरकार द्वारा इस साल दो बार छूट दी गई। निगम द्वारा संपत्ति धारकों को लगातार जागरूक भी किया गया। अब चूंकि समयसीमा समाप्त हो चुकी है, इसलिए एक सितंबर से बिना किसी रियायत के पूरे ब्याज समेत टैक्स वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि एक लाख से अधिक बकाए वाले बड़े डिफाल्टरों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे बकाएदारों को नोटिस जारी किए गए है। नोटिस की अवधि बीतते ही उनकी संपत्ति को सील करने की बड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फोटो - नागरिक सुविधा केंद्र में टैक्स जमा कराने के लिए लगी लोगों की भीड़।
जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी।
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Aug 31, 2026