Public App Logo
राजस्व एवं आपदा प्रबन्धन मंत्री विपुल गोयल ने किया संत गुरु रविदास प्रथम उत्तर क्षेत्र नकद पुरस्कार वालीबाल गर्ल्स टूर्नामेंट का उद्घाटन उत्तर क्षेत्र की आठ टीमें दिखाएंगी वालीबाल में दमखम खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं : मंत्री श्री विपुल गोयल पंचकूला, 18 अगस्त- हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबन्धन और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने आज ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में संत गुरु रविदास ट्रॉफी के लिए आयोजित प्रथम उत्तर क्षेत्र नकद पुरस्कार वालीबाल गर्ल्स टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट में उत्तर क्षेत्र की कुल आठ वॉलीबॉल टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर श्री विपुल गोयल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्घाटन मैच भी देखा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए श्री विपुल गोयल ने संत गुरु रविदास के नाम पर वालीबाल गर्ल्स टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति की पूरे देश में सराहना हो रही है। प्रभावी खेल नीति, मजबूत खेल अवसंरचना और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप आज हरियाणा के खिलाड़ी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम देश और दुनिया में रोशन कर रहे हैं। श्री विपुल गोयल ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण पदक सहित कुल 10 पदक हासिल किए। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि इनमें से 5 स्वर्ण पदक हमारी बेटियों ने जीते हैं। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा की एसोसिएशन वर्ष 2004 से ट्राई-सिटी रीजन में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बड़े स्तर पर लड़कों और लड़कियों के क्रिकेट तथा वॉलीबॉल को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव श्री अमरजीत कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को 31,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। रनर-अप टीम को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ पांच खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली तीनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को पदक भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा के खेल राज्यमंत्री श्री गौरव गौतम पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे टूर्नामेंट की विजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर पंचकूला के मेयर श्री श्यामलाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर, पूर्व मेयर श्री कुलभूषण गोयल, हरियाणा के अंतर्राष्ट्रीय वालीबॉल खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री अमीर सिंह, अंतर्राष्ट्रीय वालीबॉल खिलाड़ी और भीम पुरस्कार विजेता श्री सूबे सिंह और श्री दिनेश सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री राजबीर सिंह रंगा, हरियाणा वॉलीबॉल कोच सुभाष चंद, वर्किंग प्रेसिडेंट आशीष कुमार राय, वाइस प्रेसिडेंट बलबीर सिंह पांडे, जॉइंट सेक्रेटरी विवेक कुमार जांगड़ा और गुरदेव चैधरी भी उपस्थित रहे। - Panchkula News