भूख हड़ताल का 5वां दिन: नहीं पहुंचे VC-प्राचार्य, छात्रों की हालत नाजुक; सावन पांडे और पूर्व छात्रों ने दिया खुला समर्थन
मुजफ्फरपुर के लंगट सिंह महाविद्यालय में छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र पिछले 100 घंटे से अधिक समय से अन्न-जल त्यागकर धरने पर बैठे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि लगातार भूख हड़ताल के कारण उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही है, लेकिन रविवार को भी विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी उनका हाल जानने धरना स्थल पर नहीं पहुंचा।
इस बीच आंदोलन को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब सामाजिक कार्यकर्ता सावन पांडे धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनकी मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को खुला समर्थन दिया।
वहीं, एल.एस. कॉलेज के कई पूर्व छात्र भी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारी छात्रों के साथ धरने पर बैठकर उनका हौसला बढ़ाया। पूर्व छात्रों ने कहा कि छात्र हित और कॉलेज की गरिमा के लिए वे आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
शाम को छात्रों ने बाबू लंगट सिंह की प्रतिमा के सामने कैंडल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, भूख हड़ताल जारी रहेगी।
#TirhutNow #LSCollege #MuzaffarpurNews #BRABU #StudentProtest
Musahri, Muzaffarpur | Oct 5, 2026