*महिला कृषक दिवस पर महिला किसानों का किया गया सम्मान*
---
*कृषि क्षेत्र में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण - सांसद श्री लालवानी*
इंदौर, 15 अक्टूबर 2026
इंदौर जिले के कस्तूरबाग्राम स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, आत्मा तथा कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में महिला कृषक दिवस के अवसर पर महिला किसान सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री शंकर लालवानी ने महिला किसानों का सम्मान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ कार्यक्रम के तहत किसानों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। साथ ही विभागीय योजनाओं के अंतर्गत बीज तथा चना एवं सरसों के मिनीकिट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी के बिना खेती की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें लखपति दीदी योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत कृषि सखियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने किसानों से फसल बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में सहायक होती है।
संयुक्त संचालक कृषि, इंदौर संभाग श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने महिला कृषक दिवस पर महिला किसानों का सम्मान करते हुए कृषि एवं खेती-किसानी में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिला किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरता में सुधार करने के साथ परिवार के लिए शुद्ध अनाज एवं सब्जियों का उत्पादन भी किया जा सकता है।
श्री सिंह ने वर्तमान वर्ष में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों को पानी की उपलब्धता के अनुसार फसलों एवं उनकी किस्मों का चयन कर बोनी करने की सलाह दी। उन्होंने चना, सरसों, मसूर, अलसी एवं कुसुम जैसी दलहनी एवं तिलहनी फसलों की बुवाई को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
कार्यक्रम में महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि खेती एवं पशुपालन के माध्यम से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। इससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा वे अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण करने में सक्षम हो रही हैं।
उप संचालक कृषि, इंदौर श्री संदीप यादव ने भी महिला किसानों का सम्मान करते हुए कृषि क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नरवाई का उचित प्रबंधन कर उसे मिट्टी में मिलाने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद मिलती है। इस दौरान किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए उपलब्ध उन्नत कृषि यंत्रों की जानकारी भी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. टेलर ने वर्तमान कृषि परिस्थितियों के अनुरूप किसानों को आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में कृषक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य श्री शोभाराम चौहान, सहायक संचालक कृषि श्रीमती नम्रता गुरनानी, श्रीमती रश्मि जैन, श्रीमती अंकिता वर्मा, श्रीमती कीर्ति पवार, श्रीमती रेणु, श्रीमती नेहा, श्रीमती भगवती चौहान, श्री विजय जाट, श्री देवी सिंह वर्मा, एसडीओ श्री शोभाराम अस्के, कृषि वैज्ञानिक डॉ. मिश्रा एवं डॉ. शुक्ला, कृषि यंत्री श्री एम.के. भार्गव सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, महिला किसान एवं अन्य किसान उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #महिला_कृषक_दिवस
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Shankar Lalwani