पीलीबंगा नगरपालिका चुनाव: भाजपा सम्मेलन में उमड़ा टिकट के दावेदारों का हुजूम, 35 वार्डों के लिए शक्ति प्रदर्शन
अरोड़वंश धर्मशाला में आयोजित हुआ विशाल सम्मेलन, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने बायोडाटा सौंपकर ठोकी दावेदारी
#लालबहादुर_भाखर #LetestUpdate #पीलीबंगा #नगरपालिकापीलीबंगा #BreakingNews #bjpPilibanga
पीलीबंगा। आगामी नगरपालिका चुनावों को लेकर पीलीबंगा में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर पालिका के 35 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थानीय अरोड़वंश धर्मशाला में एक विशाल नगरपालिका चुनाव सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में टिकट के दावेदारों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा, जहां संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए पार्टी पदाधिकारियों को बायोडाटा सौंपकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा और आगामी निकाय चुनावों में भाजपा का परचम लहराने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सभी को एकजुट होकर वार्ड स्तर पर पार्टी को विजयी बनाने के लिए मैदान में उतरना होगा।
आयोजित सम्मेलन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता श्री जसवंत सिंह बिश्नोई, प्रदेश महामंत्री भाजपा एवं निदेशक राष्ट्रीय आवास बैंक(NHB) कैलाश मेघवाल भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक श्री धर्मेन्द्र मोची, पूर्व विधायक श्रीमती द्रोपती मेघवाल, श्रीमती प्रियंका बैलान, जिला सहप्रभारी श्री जितेन्द्र शर्मा, नगर निकाय प्रभारी श्री राजेश गुर्जर तथा मंडल अध्यक्ष श्री हनीश ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पीलीबंगा नगरपालिका के सभी 35 वार्डों में पार्षद पद के लिए भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी दावेदारी रखी। सम्मेलन स्थल पर पहुंचे दावेदारों ने अपनी सांगठनिक सक्रियता और जनसेवा का ब्योरा देते हुए पार्टी नेतृत्व से टिकट की मांग की। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि जनसमर्थन और योग्यता के आधार पर ही निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
Pilibanga, Hanumangarh | Aug 23, 2026