अरोड़वंश समाज ने किया पीलीबंगा के नव-निर्वाचित पालिका बोर्ड का भव्य अभिनंदन: अध्यक्ष अरविंद जोशी बोले—बिना भेदभाव हर वार्ड का होगा समान विकास
लालबहादुर भाखर
पीलीबंगा। स्थानीय अरोड़वंश धर्मशाला में अरोड़वंश सभा, युवा मंडल एवं महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पीलीबंगा नगरपालिका के नव-निर्वाचित अध्यक्ष अरविंद जोशी और उपाध्यक्ष शकुंतला देवी सीगड़ के सम्मान में एक भव्य स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों के नवनिर्वाचित पार्षदों का भी सामूहिक रूप से शॉल, साफा, पुष्पहार और स्मृति चिह्न भेंटकर गर्मजोशी से सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष अरविंद जोशी ने अरोड़वंश समाज का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत न होकर पीलीबंगा की पूरी जनता और सर्वसमाज का सम्मान है। उन्होंने कहा, "नगर का सर्वांगीण विकास और आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन नगरपालिका का यह नया बोर्ड बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों के समान विकास के लिए पूरी तरह कटिबद्ध रहेगा।"
पालिका उपाध्यक्ष शकुंतला देवी सीगड़ ने महिला मंडल और समाज की सभी इकाइयों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही शहर को एक आदर्श रूप दिया जा सकता है। वहीं, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने कस्बे के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार से धन की कमी नहीं आने देने की बात कही और मंडी के विकास में हर स्तर पर पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष हनुमान प्रसाद रोहतकीया, शिक्षण समिति अध्यक्ष शांतिलाल दफ्तरी तथा गौशाला अध्यक्ष संजय माझु बतौर अतिथि मौजूद रहे। वक्ताओं ने नई पालिका टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह कार्यकाल शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर अरोड़वंश सभा के संरक्षक कृष्ण लाल कामरा, अध्यक्ष रमन बाघला, पूर्व अध्यक्ष विजय सहगल, अजय मिड्ढा, जगदीश बिलंदी, अशोक भाटिया, राजेंद्र छाबड़ा, जयप्रकाश बलाना, ओमप्रकाश चुघ, डॉ. संजीव बढेरा, कृष्ण मुंजाल, गिरधारी लाल खुराना, राजीव भूतना, अनिल चिलाना, हनीश ग्रोवर, अशोक चुघ, जनक लाल बजाज सहित अरोड़वंश युवा मंडल के दीपक कामरा, आर्यन अरोड़ा और समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन विजय बवेजा ने किया, तथा अंत में सभा अध्यक्ष रमन बाघला ने सभी पधारे हुए अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।