#प्रयागराज में जलजमाव को लेकर सपा का जोरदार प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन, नहीं मानी बात तो बड़ा आंदोलन
प्रयागराज शहर में भारी बारिश के बाद हुए जलजमाव को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने शुक्रवार को पत्थर गिरजा घर धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन एसीएम प्रथम ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
सपा ने ज्ञापन में बताया कि मुंडेरा, धूमनगंज, करेली, गौस नगर, जार्ज टाउन, टैगोर टाउन, अल्लापुर, सलोरी, राजापुर, बेली गांव समेत दर्जनों मोहल्लों में कई दिनों से पानी भरा है। सीवर का पानी घरों में घुस गया है। नैनी स्टेशन रोड, जमुनानगर बस्ती, चीनी मिल, रामलीला मैदान, महेवा, डांडी, नैनी बाजार में भी जलभराव है।
नेताओं ने कहा कि पेयजल, राशन और बिजली की भारी किल्लत है। गंदे पानी से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। सपा ने भाजपा सरकार पर "स्मार्ट सिटी" के नाम पर धन की बर्बादी का आरोप लगाया।
सपा ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अनिल यादव, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, बासुदेव यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
`#Prayagraj #SP #Jaljamav #Dharna #SmartCity #Rain`