Public App Logo
मोहर्रम को लेकर सिकंदरपुर में पीस कमेटी की बैठक, एसडीएम ने अफवाहों से बचने और सहयोग की अपील की मोहर्रम पर्व के मद्देनजर रविवार को पुलिस चौकी #सिकन्दरपुर के प्रांगण में एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, तजियादार, अखाड़ेदार व अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। एसडीएम, थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया व तहसीलदार देवेंद्र पाण्डेय ने जुलूस निकालने को लेकर जानकारी ली और सभी से शांतिपूर्ण व आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। एसडीएम ने तजियादारों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और नगर में साफ-सफाई, गड्ढा मुक्त सड़कों, लटकते तारों व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रास्ते को लेकर कोई समस्या हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। संवेदनशील स्थलों का भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह किया। जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में चौकी प्रभारी गिरिजेश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय जायसवाल, समाजसेवी गणेश प्रसाद सोनी, डॉ. उमेश चंद, भीष्म चौधरी, अभिषेक सोनी, राकेश गुप्ता नन्हे, जितेंद्र सोनी, जितेश कुमार वर्मा, अशोक कुमार उर्फ डब्लू गुप्ता, नजरुल बारी उर्फ बल्लू मास्टर, लड्डन भाई, खुर्शीद आलम समेत अनेक गणमान्य नागरिक व पत्रकार मौजूद रहे। - Sikanderpur News